नगर निगम है बेखबर, स्ट्रीट लाइट खराब, मोहल्लों में छाया अंधेरा
एलइडी लाइटें कई महीनों से बंद पड़ी हैं। जाकिर कालोनी, रसूल नगर में भी स्ट्रीट लाइट बड़ी संख्या में बंद पड़ी हैं। इन क्षेत्रों में शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है।
मेरठ: नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही के चलते शहर के कई मोहल्लों में अंधेरा छाया हुआ है। एलईडी की रोशनी से मोहल्लों को रोशन करने की योजना तो है, लेकिन वह धरातल पर नहीं उतर पा रही है। इसे लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। अब लोग जिला प्रशासन से अंधेरा दूर करने की गुहार लगाने को मजबूर हैं।
शहर के माधवपुरम सेक्टर चार, सिटी गार्डन, समर कालोनी बी ब्लॉक, लक्खीपुरा, मदीना, तारा पुरी, मेवला मोहल्ला, शाहजहां कालोनी, श्यामनगर सहित अन्य मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। वार्ड 77 में करीब 100 पोल हैं। जिनमें स्ट्रीट लाइट बंद है। इसी तरह वार्ड 81 में भी 70 से अधिक विद्युत पोलों पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। सिटी गार्डन में 72 विद्युत पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। वार्ड 48 माधवपुरम सेक्टर तीन में एलइडी लाइटें कई महीनों से बंद पड़ी हैं। जाकिर कालोनी, रसूल नगर में भी स्ट्रीट लाइट बड़ी संख्या में बंद पड़ी हैं। इन क्षेत्रों में शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। इससे लोगों में अपराधिक घटनाओं का भय व्याप्त रहता है। वहीं इन क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक भी है। इससे भी लोगों को भय रहता है। ये मोहल्ले तो केवल बानगी भर हैं, पूरे शहर में कई मोहल्लों व मुख्य मार्गो का यही हाल है।
ईईएसएल पर नहीं नगर निगम का जोर
गौरतलब है कि शहर में ईईएसएल कंपनी को दूसरे चरण में 26 हजार एलईडी लाइट लगाने का कार्य 25 नवंबर तक पूरा करना था। लेकिन कंपनी 30 फीसद कार्य भी पूरा नहीं कर पाई। नगर निगम प्रशासन ने नोटिस जारी कर सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन अभी तक कंपनी की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।
पूर्व पार्षद ने दी घेराव की चेतावनी
वार्ड 48 के पूर्व पार्षद अफजाल सैफी ने नगर निगम अधिकारियों पर अल्पसंख्यक कालोनी की उपेक्षा का आरोप लगाया है। नगर आयुक्त को लिखे पत्र में कहा कि अगर जल्द माधवपुरम सेक्टर तीन की एलईडी लाइट बदली नहीं गई तो नगर आयुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा। वहीं वार्ड 81 सिटी गार्डन के स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर स्ट्रीट लाइट की समस्या से अवगत कराया है। इन्होंने कहा--
शहर के कई वार्डो से शिकायतें मिली हैं। ईईएसएल कंपनी के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। नोटिस जारी किया गया था जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पथ प्रकाश निरीक्षक को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।
अमित सिंह, अपर नगर आयुक्त पब्लिक पीड़ा फोटो 911
-कई बार नगर निगम के अधिकारियों से स्ट्रीट लाइट सुधारने की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इसराइल, सिटी गार्डन। फोटो 910
-माधवपुरम मोहल्ले में शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। अंधेरे में चोरी होने और कुत्तों का भय रहता है। स्ट्रीट लाइट के लिए नगर निगम में कोई सुनवाई नहीं होती है।
मोबीन, माधवपुरम सेक्टर चार। फोटो 539
-मेवला में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। कई बार नगर निगम को सूचना दी जा चुकी है। अभी तक नहीं बदली गई। रात में अंधेरा होने से लोग भयभीत रहते हैं।
सूरज, मेवला। फोटो 537
-स्ट्रीट लाइट कई महीनों से खराब है। नगर निगम को सुधारना चाहिए। लेकिन सूचना देने पर भी संज्ञान नहीं लिया जाता है।
रामसरन, मेवला।