विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Meerut News: होली के चंदे को लेकर बवाल, टेंपो में आग लगाने का प्रयास, पथराव, वाहनों के शीशे तोड़े

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
Published: Mon, 06 Mar 2023 07:51 AM (GMT+05:30)Updated: Mon, 06 Mar 2023 07:55 AM (GMT+05:30)

Meerut News ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के हरिनगर पूर्वा इलाहीबक्श में हुई घटना मची अफरातफरी। तोड़फोड़ के बाद टेंपो में किया आग ...और पढ़ें

होली के चंदे को लेकर हुए बवाल के बाद पुलिस समझाती हुई।
होली के चंदे को लेकर हुए बवाल के बाद पुलिस समझाती हुई।

मेरठ, जागरण टीम। मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रविवार रात होली के चंदे को लेकर सांप्रदायिक बवाल हो गया। मुस्लिम युवकों ने चंदा ले रहे युवकों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। पथराव से अफरा-तफरी मच गई। वाहनों के शीशे के साथ ही घरों के भी शीशे टूट गए। करीब दो घंटे तक बवाल चलता रहा। मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को तितर-बितर किया। आरोप है कि होलिका को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

भाजपाइयों ने किया थाने पर हंगामा

एसपी सिटी, दो सीओ और कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। भाजपाइयों ने आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने पर हंगामा किया। पीडि़त पक्ष ने तरहीर दे दी है। देर रात आरएएफ भी पहुंच गई। हरिनगर पूर्वा इलाहीबक्श में मिश्रित आबादी रहती है। हिंदू पक्ष ने हर साल की तरह इस बार भी होलिका रखी हुई है। रविवार रात अमित, अंकित, मल्लू और कपिल होली के लिए चंदा एकत्र कर रहे थे। पास में ही दुकान पर निवर्तमान पार्षद शहजाद मेवाती, उसका भाई भूरा, साकिब, कासिम, मोईन, अमन, फरमान, शाहिद, शादान और अन्य ने चंदा एकत्र कर रहे युवकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

पथराव से मच गई खलबली

आरोप है कि निवर्तमान पार्षद व अन्य मुस्लिम युवकों ने दोस्तों और रिश्तेदारों को बुला लिया और मल्लू, अमित, अंकित और कपिल पर हमला कर दिया। शोर-शराबा होने पर दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। मारपीट के साथ ही पथराव शुरू हो गया। पथराव में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और घरों के शीशे भी टूट गए। एक टेंपो में तोड़फोड़ के बाद आग लगाने का प्रयास किया गया। सांप्रदायिक टकराव की सूचना पर एसपी सिटी पीयूष सिंह, सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह, सीओ कोतवाली अमित राय के साथ ही देहली गेट, टीपीनगर, लिसाड़ी गेट और कई थानों की पुलिस पहुंच गई।

बवाल की सूचना पर पहुंचे भाजपा नेता

पुलिस ने लाठी फटकार कर मारपीट व पथराव कर रहे लोगों को दौड़ाया और स्थिति पर काबू किया। बवाल की सूचना पर भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा, दीपक शर्मा, अंकुर गोयल और अन्य ने थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। देर रात पुिलस ने निवर्तमान पार्षद शहजाद मेवाती के बेटे लल्ला को गिरफ्तार कर लिया। कई अन्य को भी हिरासत में लिया है।

चंदा एकत्र कर रहे युवकों पर कुछ युवकों ने टिप्पणी कर दी थी। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। कुछ युवकों को चोट आई है। उनका उपचार कराया जा रहा है। अमित की तहरीर पर तीस से अधिक लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही बवाल करने वालों के खिलाफ पुलिस की तरफ से भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी