प्रदेश की जुल्मी सरकार ने किसानों को धोखा दिया : लल्लू
किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। पार्टी के कार्यक्रम में पहली बार मेरठ पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जिमखाना मैदान से गन्ने के साथ जुलूस निकालते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मेरठ, जेएनएन : किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। पार्टी के कार्यक्रम में पहली बार मेरठ पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जिमखाना मैदान से गन्ने के साथ जुलूस निकालते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कलक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेसियों ने धरना दिया और मुख्यमंत्री के नाम एसीएम को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार को हत्यारी व जुल्मी सरकार बताते हुए किसानों से धोखा करने का आरोप लगाया।
लाठी-गोली खाएंगे, जुल्मी सरकार उखाड़ फेंकेंगे
कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने किसानों के बहाने भाजपा सरकार को आडे़ हाथ लिया। उन्होंने कहा कि 14 दिनों में भुगतान का दावा करने वाली योगी सरकार के वादे झूठे साबित हुए। मुख्यमंत्री किसानों के लिए कुछ नहीं कर सके। उन्होंने गन्ना मंत्री सुरेश राणा पर निशाना साधते हुए कहा कि गन्ना मंत्री के मिल पर 250 करोड़ का भुगतान बकाया है। पराली के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। हत्यारी जुल्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लाठी-गोली खाकर जेल जाना पडे़, तो पीछे नहीं हटेंगे।
फोटो खिंचवाने की होड़, धक्कामुक्की
जिमखाना मैदान से आरंभ हुए जुलूस में फोटो खिंचवाने की होड़ व गुटबाजी हावी रही। जुलूस में विरोध-प्रदर्शन के बजाय कार्यकर्ता व समर्थक प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ फोटो खिंचवाने में व्यस्त रहे। सेल्फी व फोटो की होड़ में लगातार धक्कामुक्की होती रही। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश अध्यक्ष को बार-बार माइक से अपील करनी पड़ी। कभी न दिखने वाले पार्टी के कुछ चेहरे प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में दिखाई पडे़।
ये रहे मौजूद
पश्चिमी यूपी प्रभारी पंकज मलिक, प्रदेश महामंत्री व मंडल प्रभारी वीरेंद्र गुड्डू, प्रदेश महासचिव बदरुद्दीन, प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी विदित चौधरी, जिला अध्यक्ष अवनीश काजला व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने मुख्य रूप से कार्यक्रम की कमान संभाली। इसके अलावा पूर्व विधायक प. जयनारायण शर्मा, हरेंद्र अग्रवाल, यूसुफ कुरैशी, यशपाल सिंह, अखिल कौशिक, इकरामुद्दीन, मंजीत सिंह कोछड़, कृष्ण कुमार शर्मा, धूम सिंह गुर्जर, राकेश मिश्रा, आदित्य शर्मा, अनिरुद्ध त्यागी, अशोक भारती, नवनीत नागर, अभिमन्यु त्यागी, हरिकिशन आंबेडकर, अनिल शर्मा, दीपक शर्मा, तेजवीर सिंह, संजय गोयल, केडी शर्मा, राजीव गौड़, पवन शर्मा, ओमवीर यादव, युगांश राणा, गौरव भाटी, शबी खान, अजय शर्मा, सीमा जाटव, मिथलेश रस्तोगी, अरुण कुमार, आमिर रजा व सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।