मेरठ में सपा नेता धर्मेंद्र यादव बोले-रालोद से गठबंधन लेकिन कांग्रेस के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष बताएंगे
मुजफ्फरनगर में रालोद की रैली में जाते वक्त मेरठ में सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है। इसको लेकर जनता में भी आक्रोश है। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता भी की।
मेरठ, जेएनएन। सपा नेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि रालोद के साथ सपा का गठबंधन पहले से है, आगे भी रहेगा। कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही बता सकते हैं। वह गुरुवार को शास्त्रीनगर के हमसफर पैलेस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। धर्मेंद्र यादव मेरठ के रास्ते मुजफ्फरनगर में रालोद की लोकतंत्र बचाओ महापंचायत में जा रहे थे। महापंचायत में सपा और कांग्रेस के नेता भी शामिल हुए। धर्मेंद्र ने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है। इसको लेकर जनता में भी आक्रोश है। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद, पूर्व विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि, अय्यूब अंसारी, मोहम्मद अब्बास, यासीन पहलवान आदि मौजूद रहे।
धर्मेंद्र यादव का जगह-जगह स्वागत
सपा नेता धर्मेंद्र यादव का मुजफ्फरनगर जाते समय कार्यकर्ताओं ने मेरठ में जगह-जगह स्वागत किया। अतुल प्रधान ने उनका स्वागत किया और उनकी कार में ही आगे बढ़ गए। जिलाध्यक्ष राजपाल सिंंह, शहर विधायक रफीक अंसारी, विपिन मनोठिया, आदिल चौधरी की अगुवाई में भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बिजली बंबा बाईपास चौराहे पर सम्राट मलिक, प्रदीप कसाना आदि ने स्वागत किया। कुछ दूरी पर अफजाल सैफी, आदिल सिद्दीकी, मोहम्मद वसीम आदि मौजूद रहे।