बागपत में शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से दुष्कर्म करने वाला सिपाही गिरफ्तार
Female Soldier Molest बागपत में शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से दुष्कर्म करने वाला सिपाही गिरफ्तार। आहत होकर पीड़ित सिपाही खा चुकी है जहर। प्रेमी सिपाही से शादी रचाने को पति से ले चुकी है तलाक।
बागपत, जेएनएन। शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से एक सिपाही ने दुष्कर्म किया। सिपाही के शादी से इंकार करने पर पीड़ित सिपाही जहर खा चुकी है। इससे पहले महिला सिपाही अपने पति से तलाक ले चुकी है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित सिपाही को गिरफ्तार किया।
यह है मामला
पीड़ित सिपाही ने महिला थाना पुलिस को बताया कि वह जनपद के एक थाने में तैनात है। उससे थाने में तैनात एक सिपाही ने जुलाई 2019 से बातें करनी शुरू की थी। एक जनवरी 2020 को सिपाही ने उसको शादी के लिए प्रपोज किया। वह क्षेत्र के एक मकान में किराए पर रहती है। मई 2020 में एक दिन सिपाही ने कमरे में पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर तो शादी का झांसा देकर आरोपित सिपाही लगातार दुष्कर्म करता रहा। आठ जनवरी 2021 को शादी करने के बहाने हरिद्वार ले गया और होटल में दो दिन दुष्कर्म किया। शादी किए बगैर ही दस जनवरी को वहां से वापस थाने आ गए थे। फिर उनको जानकारी मिली कि आरोपित सिपाही की किसी युवती से शादी होने वाली है। पता चलने पर आरोपित सिपाही को शादी के लिए बोला तो उसने उसको शादी करने से साफ इंकार कर दिया और कहने लगा कि चाहे जहर खा ले...। पीड़िता के मुताबिक आरोपित सिपाही के कहने पर उसने जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर थाना पुलिस ने उसको अस्पताल में भर्ती कराया था, जिससे उसकी जान बची थी। उसकी पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन आरोपित सिपाही के कहने पर ही उसने अपने पति से तलाक लिया था। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। उधर महिला थाना प्रभारी साक्षी चौहान का कहना है पीड़ित महिला सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित सिपाही को गिरफ्तार किया गया है।
डीएनए सैंपल लिया
पुलिस के मुताबिक पीड़िता का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पीड़िता और आरोपित सिपाही का चिकित्सकों ने डीएनए के लिए सैंपल लिया। सैंपल जांच के लिए आगरा लैब भेजा जाएगा।