मेरठ सोहराब गेट बस अड्डा होगा लोहियानगर शिफ्ट, गढ़ रोड पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
मेरठ का सोहराब गेट बस अड्डा जल्द ही लोहियानगर में शिफ्ट होगा, जिससे गढ़ रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम ...और पढ़ें

रोडवेज की बस।
HighLights
सोहराब गेट बस अड्डा लोहियानगर में होगा शिफ्ट
गढ़ रोड पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत
अस्थायी अड्डे पर सुविधाओं की कमी से यात्री परेशान
आनंद प्रकाश, मेरठ। सोहराब गेट बस अड्डा जल्दी ही हापुड़ रोड पर लोहियानगर में शिफ्ट होने वाला है। इसकी तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन तेजी से की जा रही तैयारियों के चलते दस दिन बाद अर्थात रक्षाबंधन का पर्व संपन्न होने पर शिफ्टिंग होने की पूरी संभावना है। इससे गढ़ रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी मुक्ति मिलेगी। क्योंकि अभी तक बसों को सड़क पर खड़ी करके ही सवारियां बैठाई जा रही है और अड्डे के सामने वाले कट से ही बसों को मोड़ा जाता है। इस कारण दिनभर यहां यातायात बाधित रहता है।
उधर, लोहियानगर में दो वर्ष से अधिक समय तक चलने वाले अस्थायी बस अड्डे पर खड़ंजा लगाने के साथ एक शेड भी बनाया गया है, लेकिन पेयजल और शौचालय का इंतजाम नहीं किया है। ऐसी स्थिति में आधी-अधूरी तैयारी के साथ अड्डा शिफ्ट करने पर यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
इसके अलावा दूसरी समस्या बस अड्डे की दूरी बढ़ने पर आएगी। क्योंकि लोहियानगर में अस्थायी बस अड्डा हापुड़ रोड पर बिजली बंबा पुुलिस चौकी के सामने बनाया गया है, जो शहर के बाहरी छोर पर है।
ऐसी स्थिति में गंगानगर मवाना रोड, कंकरखेड़ा, रुड़की रोड और दिल्ली रोड की कॉलोनियों के लोगों को मुरादाबाद, लखनऊ, अलीगढ़-आगरा रूट की बसों में सवार होने के लिए 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। इस कारण समय के साथ ई-रिक्शा अथवा आटो में बैठकर जाने में पैसा भी खर्च करना पड़ेगा।
लोहियानगर में बिजली बंबा पुलिस चौकी के सामने होगा रोडवेज बसों का नया ठिकाना
वर्तमान में सोहराब गेट अड्डा गढ़ रोड पर चल रहा है। यहां से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 205 और अनुबंधित 51 बसों का संचालन किया जाता है। कई वर्षों से सोहराब गेट बस अड्डे के नवनिर्माण की प्रक्रिया चल रही है। पीपीपी माडल पर इसका निर्माण होना है। इसकी जिम्मेदारी कुंतारी बिल्ड प्रा. लि. को मिली है।
सालाना किराया प्राधिकरण को दिया जाएगा
परिवहन निगम ने अस्थायी बस अड्डा संचालित करने के लिए विकास प्राधिकरण से लगभग 9700 वर्ग मीटर भूमि लोहिया नगर में लीज पर ली। इसका सालाना किराया प्राधिकरण को दिया जाएगा। पिछले सप्ताह ही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने वर्चुअल मीटिंग लेकर निगम के स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि गढ़ रोड से सोहराब गेट अड्डे को खाली कर अस्थायी अड्डे से बसों का संचालन आरंभ कराया जाए, ताकि बस अड्डे का नवनिर्माण आरंभ हो सके।
तेजी से चल रहा है निर्माण कार्य
इसी के चलते लोहियानगर में अस्थायी बस अड्डे पर आवश्यकता अनुसार निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। यहां एक शेड बना दिया गया है तथा बसों को खड़ी करने के लिए खड़ंजा लगाया गया है। बसों के प्रवेश एवं निकास का मार्ग भी तैयार किया जा रहा है।
सोहराब गेट डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार का कहना है कि बसों का संचालन लोहियानगर अस्थायी अड्डे पर शिफ्ट होगा, जबकि वर्कशाप को मेरठ डिपो परिसर में शिफ्ट किया जाएगा।
इन शहरों के लिए संचालित होती हैं बसें
सोहराब गेट अड्डे से हापुड़, गुलावठी, बुलंदशहर, गढ़मुक्तेश्वर, गजरौला, संभल, धामपुर, गोरखपुर, लखनऊ, आजमगढ़, बहराइच, लखीमपुर, मुरादाबाद, बरेली, हल्द्वानी, रामनगर, टनकपुर, बदायूं, प्रयागराज, कानपुर, कन्नौज, झांसी, अलीगढ़, आगरा, मथुरा रूट के लिए बसों का संचालन किया जाता है।
सोहराब बस अड्डा जल्दी ही शिफ्ट किया जाना है, उसकी तैयारी चल रही है। लोहियानगर में अस्थायी अड्डे पर यात्रियों के बैठने के लिए बेंच के अलावा पेयजल एवं शौचालय की सुविधा भी कराई जाएगी। सभी व्यवस्था पूर्ण होने पर ही अड्डा शिफ्ट होगा। उसके बाद ही सोहराब गेट बस अड्डे का नवनिर्माण आरंभ हो जाएगा।
