मेरठ-मवाना, जागरण टीम। आन के लिए भाई ने युवती के ससुर की बलकटी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। शव घर से करीब चार सौ मीटर दूर रास्ते पर मिला। मृतक की गर्दन पर पीछे से वार किए गए और हाथों की अंगुली भी काटकर अलग कर दी गईं। पुलिस ने शव मर्चरी भेज दिया था। मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बहन ने की लव मैरिज

इंचौली क्षेत्र के गांव पबला निवासी 45 वर्षीय सुनित ने घर से करीब छह सौ मीटर दूरी पर अपने खेत में आश्रम और मंदिर बना रखा था। पिछले वर्ष मई में उनके बेटे अरुण ने गांव निवासी दीपांशी से कोर्ट मैरिज कर ली थी। तभी से दोनों गांव में नहीं रहते हैं। इसके बाद से दीपांशी का भाई अभिषेक, अरुण और उसके परिवार से रंजिश रखने लगा था। शुक्रवार रात सुनीत घर के पास बने आश्रम पर जा रहे थे, तभी रास्ते में अभिषेक ने स्वजन के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी। सुबह करीब छह बजे खेतों पर जा रहे ग्रामीणों ने सुनित के शव को पानी की नाली में लहूलुहान अवस्था में देखा।

एक आरोपित फरार, अन्य की तलाश

सूचना पर इंस्पेक्टर जितेंद्र दूबे मौके पर पहुंचे और शव को मर्चरी भेज दिया। अरुण की तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक और उसके रिश्तेदार श्यामवीर, गौरव और जोनी निवासी नासरपुर थाना मवाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। आरोपित अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य आरोपित फरार हैं। एसपी देहात अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि बहन की शादी की वजह से अभिषेक अरुण व उसके परिवार से रंजिश रखता था। इसके चलते ही उसने वारदात को अंजाम दिया।

दोस्त ही उड़ा रहे थे मजाक

पुलिस को पता चला है कि अभिषेक जब इंटरनेट मीडिया पर अपनी कोई भी पोस्ट अपलोड करता था, तो उसके दोस्त ही बहन के नाम पर कमेंट कर मजाक उड़ाते थे। छोटी-छोटी बात पर वह टिप्पणी भी करते थे, जिस पर कई बार अभिषेक का दोस्तों से झगड़ा भी हुआ था। गांव के लोग समझौता करा देते थे।

पहले शराब पी, फिर वारदात की

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात आरोपित ने पहले गांव में शराब पी थी। कुछ लोगों से उसकी नोकझोंक भी हुई थी। हालांकि किसी को अंदाजा नहीं था कि वह हत्याकांड को अंजाम दे सकता है। पिछले कुछ दिनों से सुनित और उसके स्वजन को अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा था। इस बात को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया था। 

Edited By: Abhishek Saxena