गज और अश्व रथ पर सवार हो निकले श्रीजी
आनंदपुरी दिगंबर जैन मंदिर का वार्षिक उत्सव आस्था और उत्साह से मनाया गया।
मेरठ, जेएनएन। आनंदपुरी दिगंबर जैन मंदिर का वार्षिक उत्सव आस्था और उत्साह से मनाया गया। मंदिर से स्वर्ण की आभा लिए रथों पर श्रीजी की सवारी निकाली गई। बैंडबाजों के साथ जैन धर्म की महिमा का गान करते भक्तों का समूह यात्रा में शामिल हुआ। जगह जगह पुष्पवर्षा की गई और तोरण द्वारों से पूरे मार्ग को सजाया गया।
ऐरावत की आकृति वाला रथ यात्रा में सबसे आगे चल रहा था। गज आकृति वाले पर जिनवाणी को लेकर बैठने का सौभाग्य अजय जैन को मिला। सारथी बनने का सौभाग्य रामनिवास और कुबेर अनुराग जैन बने। अश्वरथ पर भगवान महावीर की मूर्ति को विराजमान कराया गया। स्वर्ण रथों के पीछे घोड़े वाले रथों में इंद्र विराजमान रहे। यात्रा में तीर्थकरों के जीवन से जुड़ी घटनाओं की झांकियां दर्शायी गई। आनंदपुरी, जैन नगर, प्रेमपुरी, शांति नगर, अंकुर एन्क्लेव, जैन बोर्डिग के ऋषभ हाल पहुंची। जहां पूजा अर्चना के बाद यात्रा वापस आनंदपुरी मंदिर पहुंची।
इसके पूर्व आनंदपुरी में सुबह के समय इंद्रों ने पांडूक शिला पर श्री जी को विराजमान करा अभिषेक किया। देश शास्त्र गुरु और महावीर भगवान की पूजा की गई। वर्धमान स्तोत्र महामंडल विधान के अर्घ्य भक्ति भाव से अर्पित किए गए। पारस शास्त्री ने विधान संपन्न कराए। अरुण जैन, सुधीर जैन, सतीश जैन, वीर सैन जैन, सुरेश जैन रितुराज, सुनील जैन प्रवक्ता, सुरेंद्र जैन,अचल जैन आदि मौजूद रहे। आज सजेगा विशेष कीर्तन दरबार
थापर नगर स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे में होली (होला महला) पर्व पर कार्यक्रमों की श्रंखला में रविवार को शबद गायन का आयोजन हुआ। भाई प्रीतम सिंह ने शबद सुनाए। सरदार रणजीत सिंह जस्सल ने बताया कि नौ मार्च को थापर नगर गली नंबर सात स्थित गुरुद्वारे में शाम सात बजे से विशेष कीर्तन दरबार सजाया जाएगा।