जिस प्यार के लिए दुनिया से ली दुश्मनी, उसी को उतारा मौत के घाट
बस सात माह की उम्र थी इस प्रेम विवाह की। पत्नी को कमाकर लाने के लिए करता था मजबूर।
मेरठ। जिस प्यार के लिए दुनिया से दुश्मनी ली, जिसके साथ सात जन्म तक जीने-मरने की कसमें खायीं, उसी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मामला परतापुर थाना क्षेत्र के गोलाबड़ का है। सात महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले घाट निवासी युवक ने शुक्रवार देर रात सिर में रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। सुबह कमरे में लहूलुहान शव पड़ा मिलने पर घटना का पता चला। सूचना पर मृतका के परिवार के लोग भी आ गए। उन्होंने मृतका के पति और उसके चार भाइयों सहित बहन-बहनोई के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परतापुर थाना क्षेत्र के गाव घाट निवासी शेखर ने सात महीने पहले पड़ोस में ही रहने वाली मोनम पुत्री जगमाल से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद थाना-अदालत हुई, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अडिग रहे। शेखर पत्नी को टीपीनगर थाना क्षेत्र के गोलाबड़ निवासी अपनी बहन बबीता के यहा लेकर रह रहा था। शुक्रवार रात दो बजे किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। जिसके बाद शेखर ने लोहे की रॉड से अपने पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मोनम की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह होने पर पुलिस को घटना का पता लगा। इसके बाद मोनम के परिवार वालों को जानकारी दी गई। मोनम के पिता जगमाल का कहना है कि शादी के बाद से शेखर काम-धंधा नहीं कर रहा था। वह पूनम पर ही कमाकर लाने का दबाव डालता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा रहता था।