सिक्योरिटी एजेंसी संचालक को गोलियों से भूना
ग्राम बली के पास ढिकौली माइनर में पड़ा मिला शव
मेरठ : सिक्योरिटी एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव शनिवार ग्राम बली के पास ढिकौली माइनर में पड़ा मिला। पड़ोसी गांव रामनगर में रहने वाले व्यक्ति ने मृतक की शिनाख्त अपने साले के रूप में की। मृतक के भाई ने एक रिश्तेदार और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना हस्तिनापुर के ग्राम रानी नंगला निवासी (28) श्रीराम पुत्र रामकरण दिल्ली के तिलक नगर में सिक्योरिटी एजेंसी का संचालक था। शनिवार दोपहर श्रीराम का गोली लगा शव क्षेत्र के ग्राम बली के पास ढिकौली माइनर में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर आसपास फैल गई तथा आसपास के दर्जनों ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मृतक के जीजा संदीप निवासी रामनगर ने शव की शिनाख्त करते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने ग्राम रसूलपुर गावंडी निवासी रिश्तेदार मनोज पर हत्या का आरोप लगाया।
घर से बुलाकर ले गया था रिश्तेदार
परिजनों ने बताया कि मनोज व उसके तीन साथी शुक्रवार शाम घर आए और श्रीराम को साथ ले गए। श्रीराम अपनी बाइक से उनके साथ गया था। उसकी बाइक, मोबाइल भी गायब हैं। हालांकि, परिजन हत्या की वजह नहीं बता सके। मृतक के भाई कुलदीप ने मनोज पुत्र पप्पू व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल ¨सह ने बताया कि श्रीराम के सीने में तीन व एक गोली सिर में मारी गई है। ऐसा भी प्रतीत होता है कि हत्यारों ने हत्या कहीं और कर शव को माइनर में डाल दिया होगा।
चार भाइयों में दूसरे नंबर का था श्रीराम
श्रीराम चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां प्रेमवती व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी करीब पांच वर्ष पूर्व दिल्ली निवासी युवती से शादी हुई थी। उसकी एक छोटी पुत्री भी है। कुछ वर्ष विवाद के चलते पति-पत्नी आपसी सहमति से अलग हो गए थे। तभी से उसकी पत्नी अपनी बेटी के साथ कहीं बाहर रह रही है।