Ganga Yatra: मखदूमपुर में आरती के साथ शुरू दूसरे दिन की गंगा यात्रा Meerut News
उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा व जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पूजन व आरती के बाद गंगा यात्रा रवाना की। गंगा में छोड़े गए कछुए व घड़ियाल।
मेरठ, जेएनएन। गंगा यात्रा दूसरे दिन मखदूमपुर घाट पर पूजन व आरती के बाद रवाना हो गई। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल व सांसद राजेंद्र अग्रवाल पूजन विधान में शामिल हुए। पूजन व आरती सुबह नौ बजे की गई जिसमें तमाम नेता व अधिकारी शामिल रहे। इस मौके पर डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि गंगा की अविरलता व स्वच्छता के प्रति भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे प्रयासों का असर अब दिखाई देने लगा है। उधर, पूजन विधान के बाद गंगा यात्रा गढ़ की ओर रवाना हो गई।
बच्चों ने बनाया पुष्प पथ, रथ यात्रा पर सवार हुए उपमुख्यमंत्री
गंगा यात्रा रवाना करने के बाद उपमुख्यमंत्री मवाना बाजार पहुंचे। यहां पर स्कूली बच्चों पर पूरी रोड को पुष्प से सजाया। उस पुष्प पथ से होते हुए उपमुख्यमंत्री रथ पर सवार हुए। रथ से उन्होंने लोगों को संबोधित किया। भारी भीड़ ने रथ यात्रा का स्वागत किया।
गंगा में छोड़े कछुए व घडिय़ाल
गंगा व जैव विविधता का महत्व बताने के लिए गंगा यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने गंगा में कछुए व घडिय़ाल छोड़े। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जैव विविधता के लिए ऐसे जीवों का संरक्षण जरूरी है। नहीं तो पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बिगड़ जाएगा।