विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में स्कूल बस खाई में पलटी, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल; शीशे तोड़कर निकाले छात्र

By Shubham GuptaEdited By: Abhishek Saxena
Published: Wed, 28 Oct 2026 09:33 AM (IST)

सरधना के अमानुल्लाहपुर गांव के पास स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस खाई में पलट गई, जिसमें एक दर्जन से ...और पढ़ें

स्कूल बस पलटी।

स्कूल बस पलटी।

HighLights

  1. सरधना में स्वामी विवेकानंद स्कूल बस पलटी।

  2. हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल।

  3. चालक पर शराब पीकर चलाने का आरोप।

जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। रोहटा थाना क्षेत्र के अमानुल्लाहपुर गांव के पास बुधवार सुबह स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक बच्चों के घायल होने की सूचना है। मौके पर पहुंचे स्वजन और ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला।

इसके बाद घायलों को एसडीएस ग्लोबल सहित अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों और घायल बच्चों के स्वजन ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है।

अमानुल्लाहपुर गांव के पास हुआ हादसा, ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बच्चों को निकाला

जानी थाना क्षेत्र के भोला झाल में स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल संचालित है। बुधवार सुबह सतवाई निवासी मोमिन स्कूल बस लेकर रोहटा क्षेत्र के ढडरा सहित अन्य गांवों से बच्चों को लेने जा रहा था। बस में एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे। बताया गया कि अमानुल्लाहपुर गांव के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ढडरा निवासी नौ वर्षीय अर्पित, जो कक्षा तीन का छात्र है, और 12 वर्षीय अनाया समेत कई बच्चे घायल हो गए।

घायल बच्चों के स्वजन ने स्कूल पहुंचकर किया हंगामा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया। हादसे के बाद चालक के मौके से फरार होने पर भी लोगों में रोष रहा।

स्कूल पहुंचे स्वजन, प्रबंधन से नोकझोंक

हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायल बच्चों के स्वजन और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। यहां उन्होंने जमकर हंगामा किया और स्कूल प्रबंधन से उनकी कहासुनी हुई। स्थिति को संभालने के लिए स्कूल संचालक और अन्य लोगों ने किसी तरह अभिभावकों व ग्रामीणों को शांत कराया। इस दौरान मीडियाकर्मियों के कैमरे चलने पर उनके साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। हादसे को लेकर बच्चों के स्वजन में रोष बना हुआ है। ग्रामीणों ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इन्होंने कहा

स्कूल संचालक अजय गुप्ता ने चालक के शराब के नशे में होने के आरोप को नकारते हुए कहा कि चालक ने शराब नहीं पी रखी थी। उन्होंने स्कूल में हंगामा होने से भी इनकार किया। उनके मुताबिक, हादसे में केवल दो बच्चे घायल हुए हैं और स्कूल प्रबंधन घायलों के इलाज का खर्च उठाएगा। अजय गुप्ता, संचालक, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, भोला झाल

यह भी पढ़ें- मेरठ: MLC चुनाव की मतगणना में दोनों सीट पर भाजपा प्रत्याशियों को बढ़त