मेरठ: MLC चुनाव की मतगणना में दोनों सीट पर भाजपा प्रत्याशियों को बढ़त
विधान परिषद चुनाव की मतगणना में मेरठ में भाजपा दोनों शिक्षक और स्नातक सीटों पर आगे चल रही है। तीसरे ...और पढ़ें

मतगणना केंद्र पर स्नातक सीट से भाजपा उम्मीदवार दिनेश गोयल और शिक्षक सीट से उम्मीदवार श्रीचंद शर्मा।
HighLights
शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा सपा प्रत्याशी नितिन तोमर से आगे।
स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल सपा के प्रमेन्द्र भाटी से आगे।
जागरण संवाददाता, मेरठ। विधान परिषद शिक्षक और स्नातक निर्वाचन खंड मेरठ की मतगणना में दोनों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी सपा के प्रत्याशियों से आगे चल रहे हैं। तीसरे राउंड के परिणाम में शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को 9034 प्रथम वरीयता के मत मिले हैं, जबकि दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी नितिन तोमर को 2782 मत प्राप्त हुए हैं।
स्नातक सीट पर तीन राउंड की मतगणना के परिणाम के बाद भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल को 10421 प्रथम वरीयता मत मिले। दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी परविंदर भाटी को 6895 वोट मिले। माना जा रहा है कि प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में ही जीत के लिए आवश्यक मतों का आंकड़ा प्राप्त हो जाएगा। शिक्षक सीट पर रात 10:00 बजे तक परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है।
कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम के गांधी हॉल में मंगलवार सुबह 8:00 बजे मतगणना शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की निगरानी में सबसे पहले मतपेटियों को खोलकर मत पत्रों के बंडल बनाने का कार्य दोपहर लगभग 2:00 बजे तक पूरा हुआ।
दोनों सीटों पर मेरठ और सहारनपुर मंडल के 9 जनपद शामिल
मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मेरठ और सहारनपुर मंडल के 9 जनपद शामिल है। 23 अक्टूबर को दोनों सीटों के लिए मतदान हुआ था। शिक्षक सीट के लिए लगभग 60 प्रतिशत और स्नातक सीट के लिए 39 प्रतिशत मतदान हुआ था।
रिटर्निंग ऑफिसर मंडल आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और दोनों प्रेषक की मौजूदगी में स्नातक सीट के लिए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में जिलाधिकारी डॉक्टर वीके सिंह की निगरानी में तथा शिक्षक सीट पर अपर आयुक्त अमित सिंह की निगरानी में मतगणना हुई। दोनों सीटों के लिए 14-14 टेबल पर मतगणना का कार्य किया जा रहा है।
प्रवेश द्वार पर हुआ हंगामा
एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान मतगणना हाॅल के बाहर प्रवेश द्वार पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब स्नातक सीट के एक निर्दलीय प्रत्याशी अपने साथ एक साथी और जेब में मोबाइल ले जाने का प्रयास कर रहे थे। बैरियर पर पुलिस ने उन्हें रोका तो वह पुलिस कर्मियों से भिड़ गए।
इस दौरान काफी देर तक नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बनी रही। एसपी सिटी विनायक भोसले ने प्रत्याशी एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ को समझाकर शांत किया और बिना मोबाइल के भीतर भेजा।
