सैर पर निकले संजीव बालियान, सुनी लोगों की समस्याएं, कहा- अपनों के बीच आकर लगता है मन
मुजफ्फरनगर में केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान सोमवार की सुबह सैर पर निकले तो जीआइसी मैदान में नागरिकों से बातचीत की। लोगों ने समस्याएं बताईं जिनका डा. बालियान ने समाधान कराने का आश्वासन दिया। कहा अपनों के बीच मन लगता है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान सोमवार की सुबह सैर पर निकले तो जीआइसी मैदान में नागरिकों से बातचीत की। लोगों ने समस्याएं बताईं जिनका डा. बालियान ने समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि वह कहीं पर भी चले जाएं, लेकिन मन अपनों के बीच ही लगता है।
प्रतिदिन सुबह शाम को बड़ी संख्या में नागरिक राजकीय इंटर कालेज के मैदान में घूमने जाते हैं। यहां पर वरिष्ठ नागरिकों की मांग पर फुटपाथ का निर्माण कार्य भी चल रहा है। सुबह सवेरे अचानक केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान वहां पहुंचे और सैर कर रहे लोगों से बातचीत की। जीआइसी मैदान समिति के संरक्षक अनूप सिंह वर्मा ने कहा कि फुटपाथ का निर्माण कार्य तेजी से होना चाहिए, ताकि लोगों को व्यायाम संबंधी परेशानी न हो। डा. बालियान ने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वह देश के किसी भी कोने में जाएं, लेकिन अपने जनपद में आकर सुकून मिलता है। कहा कि कृषि कानून किसानों के हित में बनाए गए हैं, लेकिन विपक्ष राजनीति कर रहा है। भाजपा सरकार किसानों के प्रति फिक्रमंद है। प्रवीण कुमार एडवोकेट, सुमन कुमार, डा. जीत सिंह आदि मौजूद रहे।