विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मुजफ्फरनगर दंगे के बाद रची गई थी मेरी हत्या की साजिश', संगीत सोम ने यूपी के इस दिग्गज नेता पर लगाए आरोप

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Sun, 25 Oct 2026 05:30 AM (IST)

भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने एक पॉडकास्ट में अखिलेश यादव पर मुजफ्फरनगर दंगे के बाद जेल में उनकी हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया।

  2. दावा किया कि मुजफ्फरनगर दंगे के बाद उन्हें जेल में फंसाया गया।

  3. डीपी यादव के जरिए हत्या की कोशिश की गई, जांच की मांग।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने एक पाडकास्ट में मुजफ्फरनगर दंगे के बाद जेल में बिताए समय को लेकर सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दावा किया कि दंगे के दौरान आवाज उठाने पर उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर जेल भेजा गया था। उनकी हत्या कराने की साजिश भी रची गई, इसीलिए उन्हें जेल में अकेले रखा गया।

डीपी यादव के माध्यम से अखिलेश यादव उनकी हत्या कराना चाहते थे। उन्होंने सरकार से इसकी जांच कराने की मांग की। संगीत सोम ने पाडकास्ट में कहा कि 2013 में दंगे के दौरान गिरफ्तारी के बाद उन्हें मुजफ्फरनगर जेल ले जाया गया। दो घंटे के भीतर ही उनकी जेल बदल दी गई थी। पूरी रात उन्हें जंगलों में घुमाया गया। अगले दिन सुबह उरई जेल पहुंचाया गया।

हजारों बंदियों वाली जेल को खाली कराकर उन्हें अकेले रखा गया था। जेल के कुछ अधिकारियों ने उन्हें सचेत किया था कि उनकी हत्या कराए जाने की आशंका है। जब उनसे मिलने आए लोगों को इस आशंका की जानकारी दी गई तो अगले दिन खेड़ा गांव में महापंचायत हुई। महापंचायत में लाखों लोग सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान पुलिस ने गोली चलाई।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में 1 नवंबर को होगा जदयू का प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन, मंत्री श्रवण कुमार ने संभाली कमान

इससे बवाल की स्थिति बन गई। सोम ने कहा कि उस दौर की घटनाओं को याद कर आज भी वह सहम जाते हैं।घटनाक्रम के करीब 13 साल बाद उन्होंने अब इस तरह के आरोप क्यों लगाए, इसकी लिखित शिकायत उन्होंने शासन या पुलिस प्रशासन स्तर पर क्यों नहीं की? दैनिक जागरण के इन सवालों का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ यह कहा कि उन्होंने पाडकास्ट में जो बातें कहीं, वे सही हैं।