मंदिर में यज्ञ करते पंडितों पर लाठी-डंडों से हमला
सूरजकुंड स्थित बाबा मनोहरनाथ मंदिर में 13 मार्च से 108 घंटे लगातार मां बगलामुखी का यज्ञ चल रहा है। शुक्रवार सुबह पांच बजे एक महिला और उसकी पुत्री ने यज्ञ कर रहे पंडितों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
मेरठ । सूरजकुंड स्थित बाबा मनोहरनाथ मंदिर में 13 मार्च से 108 घंटे लगातार मां बगलामुखी का यज्ञ चल रहा है। शुक्रवार सुबह पांच बजे एक महिला और उसकी पुत्री ने यज्ञ कर रहे पंडितों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। आरोपित महिला का कहना था कि यज्ञ के लिए लगाए गए लाउडस्पीकर से तेज आवाज आ रही है। इससे परेशानी हो रही है। मंदिर समिति से जुड़े लोगों ने कहा कि यज्ञ के दौरान लगाए गए लाउडस्पीकर की आवाज बहुत कम थी।
पीठाधीश्वर नीलिमानंद महाराज ने बताया कि सेना के जवानों की रक्षा और आतंकियों के संहार के लिए यज्ञ किया जा रहा है। 13 मार्च से लगातार चल रहे इस यज्ञ में ब्रह्मा तंत्र विशारद ब्रह्मानंद सरस्वती और यति चेतनानंद सरस्वती आहुति प्रदान कर रहे थे। सुबह पांच बजे करीब मंदिर के सामने रहने वाली सरिता सिंह और उसकी पुत्री आई और मंत्रोच्चार कर रहे पंडितों पर हमला कर दिया। इसमें उन्हें चोट आई। इसके बाद मंदिर समिति से जुड़े लोंगों के फोन करने पर थाना सिविल लाइंस से पुलिस आ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों में बीच-बचाव कराया। शाम को मंदिर पीठाधीश्वर नीलिमानंद महाराज स्थानीय पार्षद अंशुल गुप्ता, यति चेतनानंद महाराज, मुक्ता चौधरी के साथ थाना सिविल लाइन पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस ने आरोपित महिला को हिरासत में ले लिया था। इनका कहना है
मंदिर की नीलिमानंद महाराज की तहरीर पर सरिता और शेखर के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज हुआ था। जिसमें आरोपितों से पूछताछ की गई है। गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब दोनों पक्षों के बीच समझौता का प्रयास चल रहा है।
अब्दुल रहमान, इंस्पेक्टर-सिविल लाइन