विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ के आरवीसी में आज सजेगा दीपावली मेले का रंग, घुड़सवारी से लेकर डॉग शो तक होंगे आकर्षण का केंद्र

Published: Thu, 05 Nov 2026 01:01 PM (IST)

मेरठ के आरवीसी सेंटर में 5 नवंबर को प्री-दीपावली उत्सव और मेले का आयोजन किया जाएगा।

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. आरवीसी सेंटर में 5 नवंबर को भव्य प्री-दीपावली उत्सव।

  2. घुड़सवारी, डॉग शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद।

  3. सैन्य परिवारों के लिए मनोरंजन, सौहार्द और आकर्षक रैफल ड्रा।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दीपावली के उल्लास और खुशियों को साझा करने के लिए आरवीसी सेंटर एवं कालेज कैंट में पांच नवंबर को प्री-दीपावली उत्सव एवं दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा।

फुटबाल ग्राउंड में लगने वाले इस मेले में सैन्य अधिकारियों, जवानों, रक्षा असैनिक कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए मनोरंजन से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की विशेष व्यवस्था की गई है। घुड़सवारी, ऊंट की सवारी, सेना के प्रशिक्षित श्वानों का डाग शो और आतिशबाजी मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि डा. वैशाली और मेजर जनरल लक्ष्मीकांत मद्रेवार करेंगे। मेले में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, राइड्स और मनोरंजक खेलों की व्यवस्था की गई है। वहीं परिवारों के लिए बग्गी की सवारी, रिंग थ्रो गेम और विभिन्न व्यंजनों के फूड स्टाल आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

मेले में आयोजित होने वाले रैफल ड्रा में प्रतिभागियों को स्कूटी, वाशिंग मशीन, स्मार्ट टीवी, माइक्रोवेव, ओटीजी, फ्रिज, साइकिल और एयर फ्रायर समेत कई आकर्षक उपहार जीतने का अवसर मिलेगा।

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। बैंक बिहारी आर्ट ग्रुप की प्रस्तुति के साथ प्रसिद्ध गायक एवं एंकर विनोद भान अपनी गायकी से समां बांधेंगे। इसके अलावा लेफ्टिनेंट कर्नल आइडी शर्मा और आरवीसी के जवान भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुरस्कार वितरण और रैफल ड्रा के बाद आतिशबाजी की जाएगी। आरवीसी सेंटर की ओर से आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य सैन्य परिवारों को एक साथ जोड़ना, आपसी सौहार्द बढ़ाना और दीपावली की खुशियां साझा करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।