बदन सिंह बद्दो के बेटे सिकंदर समेत नौ पर 50 हजार का इनाम; लिस्ट में मेरठ, बागपत और बुलंदशहर के बदमाश
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने लूट, डकैती और नकबजनी जैसे संगीन मामलों में वांछित नौ बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

HighLights
डीआईजी ने नौ वांछित बदमाशों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया।
गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो का बेटा सिकंदर भी इनामियों में शामिल।
लूट, डकैती और नकबजनी जैसे संगीन मामलों में वांछित हैं ये बदमाश।
जागरण संवाददाता, मेरठ। लूट, डकैती और नकबजनी समेत संगीन मामलों में वांछित नौ बदमाशों पर डीआइजी कलानिधि नैथानी ने 50-50 हजार रुपये इनाम घोषित किया है। इनमें कई साल से फरार गैंग्सटर बदन सिंह बद्दो का बेटा सिकंदर भी शामिल है। बद्दो को पुलिस हिरासत से फरार कराने में सिकंदर की मुख्य भूमिका थी। बद्दो और सिकंदर के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी हो चुका है। बद्दो पर पांच लाख रुपये का इनाम है।
सूची में शामिल सुनील कुमार निवासी सिनौली, थाना छपरौली (बागपत) मेरठ के सदर बाजार थाने में दर्ज मामले में वांछित है। उसके खिलाफ बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और मेरठ में 27 मामले दर्ज हैं।
मोनू पर सोलह मामले दर्ज
मोनू निवासी अछरोडा, थाना परतापुर, मेरठ सिविल लाइंस थाने के मामले में कई साल से वांछित है। उसके खिलाफ मेरठ के सात थानों में 16 मामले दर्ज हैं। बद्दो के फरार होने के बाद से सिकंदर ब्रह्मपुरी थाने में दर्ज मामले में फरार है। उसके खिलाफ वहां दो मामले दर्ज हैं।
शाह आलम निवासी सिवाल खास, थाना जानी (मेरठ), हापुड़ के कोतवाली देहात थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले में वांछित है। उसके खिलाफ मेरठ के देहली गेट और अमेठी के मुसाफिरखाना थाना समेत चार मामले दर्ज हैं।
मेरठ और मुजफ्फरनगर में तीन-तीन मामले
खालिद निवासी आरिफ वेस्ट विनोदनगर, शकरपुर, ईस्ट दिल्ली और मुरसलीन निवासी इस्लामनगर, कैलाभट्टा (गाजियाबाद) लोहियानगर थाने के मामलों में वांछित हैं। दोनों पर मेरठ और मुजफ्फरनगर में तीन-तीन मामले दर्ज हैं।
मुकीम पुत्र बाबू उर्फ बाबुद्दीन निवासी सुतारी चोला (बुलंदशहर) गोवध अधिनियम में वांछित है। उसके खिलाफ चोला और कोतवाली देहात थानों में चार मामले दर्ज हैं। धर्मेंद्र और संजय निवासी न्यू विकास नगर, लोनी (गाजियाबाद) बागपत के खेकड़ा थाने में दर्ज नकबजनी के मामले में वांछित हैं। उनके खिलाफ गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और शामली के कई थानों में मामले दर्ज हैं।
