Move to Jagran APP

महानगर भाजपा अध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी फिर मुकेश को, जिले में नया चेहरा अनुज राठी Meerut News

भाजपा ने मुकेश सिंघल को फिर महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे दी वहीं जिलाध्यक्ष पद के लिए अनुज राठी का नाम चौंकाने वाला रहा।

By Prem BhattEdited By: Thu, 28 Nov 2019 12:09 PM (IST)
महानगर भाजपा अध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी फिर मुकेश को, जिले में नया चेहरा अनुज राठी Meerut News
महानगर भाजपा अध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी फिर मुकेश को, जिले में नया चेहरा अनुज राठी Meerut News

मेरठ, जेएनएन। जैसा कि कयास लगाया जा रहा था, भाजपा ने मुकेश सिंघल को फिर महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दे दी। लेकिन जिलाध्यक्ष पद के लिए छह फीट तीन इंच लंबे अनुज राठी का नाम चौंकाने वाला है। महानगर अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की पहली पसंद वैश्य बिरादरी के नेता रहे हैं। हालांकि राज्य व केंद्र में सत्ता में रहने के दौरान दोबारा जिम्मेदारी मिलना महत्वपूर्ण माना जा सकता है। जब वैश्य समाज से ही कई ठीक-ठाक दावेदार हों तब मुकेश सिंघल का दोहराव यह जानना चाहता है कि आखिर वजह क्या है। दरअसल मुकेश अपने स्वभाव व कार्यशैली से किसी गुट में शामिल नहीं हुए। वह न तो किसी विधायक न ही किसी सांसद के दबाव वाले नेता माने जाते हैं।

अनुशासन वाले नेता की छवि

संघ में ही ज्यादा समय देने की वजह से उनकी छवि अनुशासन वाले नेता की है। भाजपा के कार्यक्रम उनके कार्यकाल में हुए जो अच्छे से हो गए। यही नहीं प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से भी उनके रिश्ते अच्छे रहे। संघ साथ था ही इसलिए भाजपा ने नए नाम पर दांव लगाने से अच्छा मुकेश को ही जिम्मेदारी दे दी। वह कहते हैं कि जो भी कमी रह गई होगी उसे पूरा करेंगे। संगठन के लिए नए जोश के साथ सभी को साथ लेकर कार्य करेंगे।

संघ के करीबी होने का लाभ

जिलाध्यक्ष पद के लिए वैसे तो 26 लोगों ने नामांकन किया था, लेकिन नया नाम सामने आया अनुज राठी। राठी जाट बिरादरी के हैं। इससे पहले रविंद्र भड़ाना गुर्जर थे। वह दो बार जिलाध्यक्ष रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए जाट व गुर्जर को तवज्जो देती रही है। बहरहाल, जाट समाज से अन्य लोग भी दावेदार थे लेकिन संघ से बेहद करीबी का फायदा अनुज को शायद इसलिए मिला कि यह भी किसी खेमे के नहीं माने जाते। वैसे तो यह नाम यहां की राजनीति में चर्चित नहीं रहा पर पर कुछ समय पहले यह चर्चा जरूर सामने आई कि उन्हें किसी परिषद का चेयरमैन बनाया जा रहा है। 53 वर्षीय राठी युवा मोर्चा में भी रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष व जिला मंत्री भी रहे। दौराला ब्लॉक के बड़कली गांव निवासी अनुज किसान हैं और वर्ष 89 से भाजपा से जुड़े हैं। जिले के नेता और कार्यकर्ता उनके नाम को लेकर अचंभित हैं पर उनका कहना है कि वह सभी को साथ लेकर चलेंगे। पार्टी की नीतियों और सरकार के कामकाज को संगठन के जरिए लोगों तक पहुंचाएंगे।

भाजपाइयों ने दी शुभकामना

जिलाध्यक्ष पद पर अनुज राठी व महानगर अध्यक्ष पद पर मुकेश सिंघल के चयन पर भाजपा नेताआंे ने उन्हें शुभकामनाएं दी। श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला, अजय भराला, विनीत अग्रवाल शारदा, संजय त्रिपाठी, वीनस शर्मा आदि ने दोनों को फोन करके संगठन को बेहतर बनाने की शुभकामना दी।