अपंजीकृत श्रमिक सेवामित्र एप्लीकेशन पर करें पंजीकृत
जिले के लाभान्वित श्रमिक व कामगार यदि अभी सेवामित्र एप्लीकेशन पर पंजीकृत नहीं है तो उनका तत्काल पंजीकरण किया जाएगा।
मेरठ, जेएनएन। जिले के लाभान्वित श्रमिक व कामगार यदि अभी सेवामित्र एप्लीकेशन पर पंजीकृत नहीं है तो उनका तत्काल पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही उसे सेवामित्र एप्लीकेशन पर अंकित भी किया जाएगा। मुख्य सचिव ने गत 14 अगस्त को आदेश जारी किया था। जिसके द्वारा सेवायोजन विभाग के पोर्टल के सेवामित्र एप्लीकेशन से प्रवासी श्रमिकों का डाटा डाउनलोड करने के लिए आदेशित किया गया था। साथ ही अधिकारियों को उन्हें अपने विभाग में संचालित योजनाओं में लाभान्वित कर, सेवामित्र एप्लीकेशन पर अंकित किए जाने के आदेश दिये गए थे। मुख्य सचिव के आदेश के बावजूद ग्राम्य विकास विभाग, लघु उद्योग निर्यात प्रोत्साहन विभाग, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग एवं सेवायोजन विभाग ने ही अंकित करने की कार्यवाही की है। बाकी विभागों ने नहीं किया। जिस पर मुख्य सचिव ने गत 12 अक्टूबर के अपने आदेश में कड़ी नाराजगी जाहिर की है। मुख्य सचिव की नाराजगी के बाद सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीडीओ ईशा दुहन ने जिले के सभी शासकीय कार्यालाध्यक्षों को अब आदेश जारी किये हैं। जिसमें कहा गया है कि अपने विभाग में संचालित योजनाओं में सेवामित्र एप्लीकेशन से श्रमिकों का डाटा डाउनलोड करें। उन्हें लाभान्वित किया जाना है। यदि किसी का पंजीकरण नहीं है तो तत्काल उसका पंजीकरण करें। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि सेवायोजन पोर्टल पर डेटा एंट्री व अपडेशन की कार्यवाही शीघ्र पूरी करें।
अवैध शराब रोकने को चलेगा अभियान
त्योहारों पर अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग जल्द ही अभियान शुरू करेगा। इसके लिए मेरठ से लगे जिले बागपत व गाजियाबाद में चेकपोस्ट आदि बना दी गई है। मेरठ में बड़ी मात्रा में हरियाणा राज्य से अवैध शराब लायी जाती है। त्योहारों के दौरान यह अवैध शराब लाकर मेरठ व आसपास के क्षेत्रों में बेची जाती है। उसकी रोकथाम के लिए आबकारी विभाग ने भी पहले से ही तैयारी कर ली है। जल्दी ही इसके लिए अभियान चलेगा।