जनशताब्दी से मेरठ पहुंचे 23 यात्री, 35 हुए रवाना
दो माह से अधिक समय से बंद यात्री ट्रेनों का संचालन सोमवार को साढ़े नौ बजे जनशताब्दी ट्रेन के आने के साथ पटरी नजर आया।
मेरठ, जेएनएन। दो माह से अधिक समय से बंद यात्री ट्रेनों का संचालन सोमवार को साढ़े नौ बजे जनशताब्दी ट्रेन के आने के साथ पटरी नजर आया। पूछताछ केंद्र पर कर्मचारी नजर आए और ट्रेन आने-जाने की उद्घोषणा गूंजती रही। सोमवार को केवल एक ही ट्रेन गुजरी। आज यानी जनशताब्दी अप और डाउन में और मुंबई जाने वाली गोल्डन टेंपल भी स्टेशन पर आएगी।
रेलवे द्वारा पूर्व में जारी सूचना के अनुसार यात्री आठ बजे से स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो गए थे। प्रवेश द्वार पर ही टिकट चेक किए गए और थर्मल स्क्रीनिग की गई। जिन यात्रियों का कंफर्म रिजर्वेशन था, उन्हें ही प्रवेश दिया गया। जब तक ट्रेन नहीं आई, यात्री शारीरिक दूरी का अनुपालन करते हुए खड़े रहे। 61 यात्रियों ने रिजर्वेशन कराया था, जिसमें दो ने तत्काल बुकिग कराई थी। इसमें केवल 35 यात्री ही दिल्ली जाने के लिए आए। देहरादून से 23 यात्री मेरठ आए, जिसमें 20 वयस्क थे और तीन बच्चे थे। ट्रेन के सिटी स्टेशन पर रुकने का समय चूंकि केवल दो मिनट है, इसलिए कॉमर्शियल स्टाफ के वीरेंद्र कुमार सिंह, अरविद और शरद ने यात्रियों को कोचों तक पहुंचाने में मदद की। स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा, उप स्टेशन अधीक्षक राजेश्वर कुमार और चिकित्सा विभाग की टीम मौजूद रहे। जीआरपी ने सिटी स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों का नाम पता और फोन नंबर नोट किया। प्रवासी श्रमिकों को दो चरणों में मिलेगा निश्शुल्क खाद्यान्न
मेरठ, जेएनएन। प्रवासी श्रमिकों को दो चरणों में निश्शुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। यह अभियान सोमवार से शुरू हो गया है। जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि सोमवार से 11 जून तक प्रथम चरण में अंत्योदय कार्ड धारकों को 35 किलोग्राम खाद्यान्न निश्शुल्क मिलेगा। जिसमें 20 किलोग्राम गेहूं व 15 किलोग्राम चावल तथा एक किलोग्राम चना प्रति कार्ड मिलेगा। मनरेगा जॉब कार्डधारकों, श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिक, नगर निकाय में पंजीकृत दिहाड़ी श्रमिक और राशन कार्ड धारक प्रवासी श्रमिक को निश्शुल्क प्रति यूनिट तीन किलोग्राम गेहूं एवं दो किलोग्राम चावल वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण 15 से 24 जून तक चलेगा। उन्होंने सभी पूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि उपरोक्त खाद्यान्न का वितरण अपने पर्यवेक्षण में कराना सुनिश्चित करें। निर्देश दिए कि प्रवासी कार्ड धारकों को खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण कराया जाए।