पेरिस में टोक्यो ओलंपिक का टिकट पक्का करेंगे रवि और सौरभ
फ्रांस के पेरिस शहर में 26 से 31 अगस्त तक हैंडीस्पोर्ट ओपन पेरिस-वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स आयोजित की जा रही है।
मेरठ। फ्रांस के पेरिस शहर में 26 से 31 अगस्त तक हैंडीस्पोर्ट ओपन पेरिस-वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता 2020 टोक्यो पैरालिंपिक गेम्स के लिए क्वालीफाइंग चैंपियनशिप है, साथ ही नवंबर में होने जा रही पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भी इसी स्पर्धा के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ी चुने जाएंगे। इसके लिए पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की टीम में शामिल 46 खिलाड़ियों में मेरठ के भी दो पैरा एथलीट्स ने जगह बनाई है। इस प्रतियोगिता के लिए दो फरवरी को ही दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए ट्रायल में मेरठ के रवि कुमार और सौरभ त्यागी शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम में जगह बनाने में सफल रहे। दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के साथ 25 अगस्त को पेरिस के लिए रवाना होंगे।
---
दौड़ में आगे निकलेंगे रवि
पैरा एथलीट रवि कुमार धावक हैं। वह पेरिस में आयोजित प्रतियोगिता में 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे। ट्रायल में रवि कुमार ने 100 मीटर की दौड़ 15 सेकंड और 400 मीटर की दौड़ 1.10 मिनट में पूरी की थी। ट्रायल के बाद पिछले छह महीने से रवि लगातार कोच गौरव त्यागी के मार्गदर्शन में दौड़ का अभ्यास कर रहे हैं। इस साल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रवि कुमार ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते थे। यह पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है, जिसके लिए किसी तरह आर्थिक मदद जुटाकर रवि कुमार हिस्सा लेने पेरिस जा रहे हैं। रवि कुमार का आधा शरीर पोलियोग्रस्त है। यह टी-36 श्रेणी में आता है। टी-36 श्रेणी में पैरा एथलेटिक्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड 100 मीटर में जकार्ता के नाम 11.87 सेकेंड का है और 400 मीटर दौड़ में रसिया के नाम 53.31 सेकंड का है। रवि को उम्मीद है कि वह इस प्रतियोगिता में टॉप-3 में स्थान बनाने में सफल होंगे।
---
लंबी छलांग लगाने को तैयार सौरभ
पैरा एथलीट सौरभ त्यागी लंबी कूद में दमखम दिखाएंगे। दिल्ली में हुए ट्रायल में सौरभ ने 5.20 मीटर लंबी दूरी तय कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और ग्रांड प्रिक्स प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। यही दूरी सौरभ की अब तक की सबसे लंबी दूरी है, जो रिकॉर्ड में है। कोच गौरव त्यागी के मार्गदर्शन में अभ्यास के दौरान सौरभ 5.65 मीटर तक कूद चुके हैं। सौरभ के अनुसार ट्रायल के दौरान जांघ में कुछ समस्या होने के कारण वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके थे। सौरभ का दाहिना पांव पोलियो ग्रस्त है। यह टी-42 श्रेणी में आता है। इस श्रेणी में पैरा एथलेटिक्स में लंबी कूद का एशियन रिकॉर्ड 5.37 मीटर का है। वर्ल्ड रिकॉर्ड भी यही है। सौरभ के अनुसार वह इस दूरी को आसानी से पार कर सकते हैं, इसलिए पेरिस में पदक जीतने के प्रबल दावेदार भी स्वयं को मान रहे हैं। किला रोड पर अलीपुर गांव के रहने वाले सौरभ त्यागी पिछले तीन साल से ट्रेनिंग कर रहे हैं। 2017 व 2018 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता था।