रैपिड रेल : परतापुर तिराहे पर तैयार हो रहे रैपिड पिलर Meerut News
रैपिड रेल का कार्य तेजी पकड़ता हुआ दिख रहा है। अब फ्लाईओभर पर पिलर का निर्माण हो रहा है। यहां पर गड्ढे खोदने के बाद कंक्रीट से पाइल यानी फाउंडेशन तैयार किया गया।
मेरठ, जेएनएन। रैपिड रेल के पिलर का कार्य परतापुर तिराहे पर तेजी से शुरू कर दिया गया है। यहां पर इससे संबंधित अधिकांश पिलर एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज के साथ ही तैयार कर लिए जाएंगे।
कुछ समय पहले परतापुर तिराहे से रैपिड रेल के पिलर के लिए पाइल लोड टेस्ट शुरू हुआ था। यहां पर गड्ढे खोदने के बाद कंक्रीट से पाइल यानी फाउंडेशन तैयार किया गया। फिर उसका लोड टेस्ट किया गया। भारी-भरकम मशीनों के दबाव से भी पाइल टस से मस नहीं हुआ तो उसे पास मान लिया गया। इसके बाद उसे तोड़ दिया गया। उससे दूर दूसरे स्थान पर नए सिरे से पिलर बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया। एनसीआरटीसी के अधिकारियों के मुताबिक परतापुर तिराहे पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के तहत इंटरचेंज तैयार हो रहा है। इंटरचेंज बन जाने के बाद कार्य करने में दिक्कत आएगी, क्योंकि जल्द से जल्द एक्सप्रेस-वे शुरू करने की योजना है। ऐसे में जब तक एक्सप्रेस-वे शुरू होगा तब तक तिराहे पर प्रस्तावित अधिकांश पिलर तैयार कर लिए जाएंगे।
अब एक मार्च से दिन में रखे जाएंगे गार्डर
मेरठ, जेएनएन। परतापुर तिराहे के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के लिए तैयार हो रहे रेलवे ओवरब्रिज पर गार्डर अब एक मार्च से रखे जाएंगे। यह कार्य अब रात के बजाय दिन में होगा। रेलवे पांच मार्च तक इसके लिए तीन घंटे का रोजाना ब्लॉक देगा। अभी तक गुरुवार रात से गार्डर रखे जाने थे लेकिन रेलवे ने इसमें तब्दीली कर दी। कुल 12 गार्डर रखे जाने हैं। इसके लिए क्रेन और गार्डर पहले ही इंस्टॉल कर लिए गए थे। एनएचएआइ के प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद कुमार ने बताया कि गार्डर रखने के बाद ओवरब्रिज तक मिट्टी भराव का कार्य व आरआइ वाल का कार्य तेज गति से शुरू हो जाएगा क्योंकि क्रेन व अन्य मशीनों को ले जाने के लिए रास्ते की जरूरत थी, इसलिए भराव रोका गया था।
ओवरब्रिज को क्रॉस करेगी रैपिड रेल
दिल्ली रोड पर एक्सप्रेस-वे के लिए ओवरब्रिज निर्माणाधीन है। रैपिड रेल इस ओवरब्रिज के ऊपर से क्रॉस करते हुए निकलेगी। तिराहे पर रैपिड रेल के पिलर सड़क के डिवाइडर पर नहीं बनेंगे, बल्कि किनारे बनेंगे। जबकि बाकी हिस्से में डिवाइडर पर बनेंगे।
दुहाई से शताब्दीनगर तक जल्द बनने लगेंगे पिलर
परतापुर तिराहे की बात अलग है इसलिए वहां पहले पिलर तैयार हो जाएंगे। रही बात बाकी हिस्से की, तो यहां भी ज्यादा देर नहीं है। दुहाई से शताब्दीनगर तक जल्द ही पिलर निर्माण हो जाएगा। सड़क चौड़ीकरण तेजी से हो रहा है। जिन स्थानों पर चौड़ीकरण हो गया है उन स्थानों पर अगले महीने में ही मशीनें उतार देने की योजना है। इस बीच प्रस्तावित स्टेशनों के निर्माण का टेंडर पिछले साल ही निकाले जा चुके हैं।