कड़ाके की सर्दी में भी निधि संग्रह में जुटे रहे रामभक्त
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण में जन-जन की सहभागिता के लिए सोमवार से ठंड में स्वयंसेवकों ने निधि संग्रह किया।
मेरठ, जेएनएन। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण में जन-जन की सहभागिता के लिए सोमवार सुबह से ही ठंड में टोलियों में निकले कार्यकर्ताओं ने निधि संग्रह किया। श्रीराम के जयकारे लगाकर कार्यकर्ता जोश के साथ बढ़ते रहे। उनके उत्साह व हर्ष को देखकर लोगों ने भी उनका स्वागत भी किया।
निधि समर्पण अभियान के चौथे दिन यानि सोमवार को संपूर्ण संघ परिवार के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपनी-अपनी टोलियों से सहयोग लेने पहुंचे। विहिप के महानगर मंत्री एवं अभियान प्रचार प्रमुख निमेश वशिष्ठ ने बताया कि सभी जगहों पर प्रसन्नतापूर्वक लोग अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हो इसको लेकर निधि अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोहटा रोड के लखवाया में रामभक्तों की टोली निधि संग्रह के लिए जा रही थी, तभी एक भिक्षुक ने जिज्ञासा के कारण उनके भ्रमण का कारण पूछा। टोली के भ्रमण की वजह जा भिक्षुक ने राम नाम के लिए भीख में जमा किए दस रुपये समर्पित कर दिए। राम के प्रति समाज की गहरी आस्था को दर्शाता यह दृश्य देख वहां मौजूद हर व्यक्ति निहाल हो गया। चौथे दिन के अभियान में संघ विभाग प्रचारक विनोद, महानगर संघचालक एवं अभियान समिति अध्यक्ष विनोद भारती, प्रांत अभियान प्रमुख राजकुमार डूंगर, महानगर कार्यवाह व अभियान प्रमुख अवनीश पाठक, सहअभियान प्रमुख अवनीत बंसल आदि कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल रहे।
टोली पर बरसाए फूल
चौथे दिन के अभियान में लोगों से सहयोग मांगने पहुंची महानगर के नवचंडी नगर (माधव शाखा) के स्वयंसेवकों पर महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान राहुल शर्मा, विष्णु, राजेश, हरवीर, मोहित आदि स्वयंसेवक मौजूद रहे।