यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मेरठ के सोतीगंज में दो कबाड़ियों के गोदाम पर छापा, पुलिस ने बरामद किए 10 इंजन
मेरठ के सोतीगंज में पुलिस ने छापा मारकर फैजान के गोदाम से नौ वाहनों के इंजन और अन्य सामान बरामद ...और पढ़ें

मेरठ, जागरण संवाददाता। पुलिस ने सोतीगंज में दो कबाड़ियों के गोदाम में छापा मारकर दस वाहनों के इंजन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस मान रही है कि चोरी के वाहनों को कटाने के बाद इंजन गोदाम में छिपाकर रखे गए हैं।
यह है मामला
सदर बाजार पुलिस ने लिसाड़ीगेट निवासी बाइक चोर राजा को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा था। राजा ने पूछताछ में बताया कि उसके साले फैजान के गोदाम में चोरी के वाहनों के इंजन भरे हुए हैं, जो सोतीगंज में रहता है। उसने घर के अंदर ही गोदाम बना रखा है। पुलिस ने छापा मारकर फैजान के गोदाम से नौ वाहनों के इंजन और अन्य सामान बरामद किया। फैजान ने पूछताछ में बताया कि लंबा अफजाल के गोदाम में भी चोरी के इंजन रखे हैं। पुलिस ने अफजाल के गोदाम से एक इंजन बरामद किया है। जेल में बंद कबाड़ी जुनैद के गोदाम पर भी छापा मारा।
ईंट भट्ठे पर चला रहे थे तमंचा फैक्ट्री, पांच गिरफ्तार
मेरठ। भावनपुर पुलिस ने ईंट-भट्ठे की आड़ में तमंचा फैक्ट्री चलाते पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों से बड़ी मात्र में हथियार मिले हैं। आरोपित विधानसभा चुनाव के लिए आन डिमांड हथियार तैयार कर रहे थे। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने रूकनपुर ईंट भट्ठे के पास से एक आरोपित को दो साइलेंसर युक्त तमंचों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपित से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि यह तमंचे गुफरान उर्फ पप्पू से खरीदकर लाया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर रूकनपुर ईंट भट्ठे से दो सौ मीटर दूर ईख के खेत से गुफरान व उसके साथियों को दबोच लिया। आरोपितों ने बताया कि अवैध तमंचा बनाने के लिए वह रात में सामान लेकर ईंट भट्ठे पर जाते हैं और वहां तमंचा बनाते हैं।
पटाखों से भरा छोटा हाथी पकड़ा, दो आरोपित दबोचे
मेरठ। सिविल लाइन पुलिस ने पटाखों से भरा छोटा हाथी पकड़ लिया। पुलिस ने दो आरोपितों को दबोचकर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी रमेश चंद्र शर्मा के मुताबिक रविवार शाम उन्हें सूचना मिली की मोहनपुरी स्थित कुट्टी वालों की गली में सचिन गोयल, विनय गोयल व सतीश गुप्ता के मकान में लाखों के पटाखों से भरा छोटा हाथी खड़ा है। पुलिस ने छापेमारी की और घर की गैलरी में खड़े छोटे हाथी को कब्जे में ले लिया।
मेरठ कालेज के पूर्व महामंत्री पर ताना पिस्टल
मेरठ। आपसी विवाद में आधा दर्जन युवकों ने मारपीट करते हुए मेरठ कालेज के पूर्व महामंत्री पर पिस्टल तान दिया। हथियार देखकर कालेज गेट के पास खड़े छात्र घबरा गए। शनिवार दोपहर छात्र सभा से मेरठ कालेज के पूर्व महामंत्री पुष्पेंद्र उर्फ चीकू निवासी गंगानगर अपने मित्रों संग कालेज गेट पर खड़े थे। इसी बीच विजित तालियान, मुकुल काकरान, कुशल चहल व आदि सिरोही समेत आधा दर्जन युवकों ने पुष्पेंद्र को घेर लिया। उन्होंने दुस्साहस दिखाते हुए पहले मारपीट की, उसके बाद पिस्टल तान दिया।
