UP के किसानों के लिए अच्छी खबर: आधी कीमत पर मिलेगा गेहूं और सरसों का बीज; तुरई, मटर, मसूर व चना बीज का मुफ्त वितरण
उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानाें को नवीन प्रजातियों के बीजों को उपलब्ध कराने के लिए रबी फसलों के बीजों पर ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
गेहूं व सरसों बीज के लिए वेबसाइट पर करानी होगी ऑनलाइन बुकिंग।
तुरई, मटर, मसूर व चने का बीज मिनीकिट के रूप में निश्शुल्क मिलेगा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। खेती-किसानी में रबी सीजन की शुरूआत हो चुकी है। पिछले दो-तीन दिनों से मौसम खराब होने के कारण आलू व सरसों की बुवाई में देरी हो सकती है। वहीं, चीनी मिलों के संचालन की तिथि भी आगे खिसकेगी।
शासन ने कृषि उत्पादकता को बढ़ाने और किसानाें को नवीन प्रजातियों के बीजों को उपलब्ध कराने के लिए रबी फसलों के बीजों पर अनुदान घोषित किया है। गेहूं व सरसों का बीज अनुदान के बाद आधी कीमत पर मिलेगा। इसके लिए किसानों को www.agriculture.up.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी।
ई-लाटरी के माध्यम से बीज वितरण किया जाएगा। तुरई, मटर, मसूर व चने का बीज मिनीकिट के रूप में निश्शुल्क मिलेगा। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जिले को गेहूं की अच्छी प्रजातियों का 6866 कुंतल बीज आवंटित किया गया है, यह पिछले वर्ष की अपेक्षा 25 प्रतिशत अधिक है।
इसी प्रकार सरसों का बीज 100 कुंतल आवंटित किया गया है। दो किलो प्रति मिनीकिट किसानों को वितरण की जाएगी।
किसान सम्मान निधि की 24वीं किश्त जारी
मेरठ: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किश्त जारी कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सम्मान निधि की धनराशि जारी करते हुए घोषणा की।
स्थानीय जिले स्तर पर जनपदीय स्तरीय कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र हस्तिनापुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सजीव प्रसारण दिखाते हुए किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, संतुलित उर्वरकों के प्रयोग व प्राकृतिक खेती विषयों पर जानकारी दी गई। विज्ञानियों ने तकनीकी जानकारी दी।
उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया ने बताया कि जिले में 24वीं किश्त के लाभार्थी किसानों की संख्या 183911 होना संभावित है। इसकी संख्या कुछ दिन के बाद शासन द्वारा जारी की जाएगी। मुख्य अतिथि सुनील पोसवाल रहे। केवीके प्रभारी डा. नवीन चंद्र, डा. शुभम आर्य, डा. जितेंद्र आर्य व अन्य मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।