चच्चा मास्क तो लगा लो...पूरे देहली गेट में गूंजी आवाज
चच्चा मास्क लगा लो...आप से ही कह रहे हैं। हां आप ही यह सुनते ही बुजुर्ग ने मास्क लगा लिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी सतर्क हो गए।
मेरठ, जेएनएन। चच्चा मास्क लगा लो..आप से ही कह रहे हैं। हां आप ही, यह सुनते ही बुजुर्ग ने मास्क लगा लिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी सतर्क हो गए। शनिवार को यह नजारा घंटाघर के आसपास देखने को मिला। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से देहली गेट में लाउडस्पीकर से मास्क लगाने की अपील शुरू हो गई। सड़क और चौराहों पर 60 लाउडस्पीकर लगे हैं। जल्द ही 70 कैमरे भी लग जाएंगे। इसके बाद पूरे क्षेत्र की निगरानी घंटाघर चौकी से होगी। इस तरह का प्रयोग शहर में पहली बार हो रहा है। कोरोना की रफ्तार जैसे-जैसे बढ़ रही है, वैसे-वैसे ही बचाव के तौर-तरीके पर ध्यान दिया जा रहा है। देहली गेट थाना क्षेत्र के दस किमी के दायरे में 60 लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। शनिवार से ही इसकी शुरुआत हुई है। पहले दिन थाना प्रभारी राजेंद्र त्यागी ने कमान संभाली। घंटाघर चौकी में बैठकर वहां से गुजरने वाले हर उस शख्स को टोका, जिसने मास्क नहीं लगा रखा था। साथ ही बाइक पर दो-तीन सवारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसका असर भी दिखा। एक को टोकने पर अन्य सतर्क हो जाते थे। पहले दिन अपील, चेतावनी और कार्रवाई तीनों हुई। बाजार और चौराहे रहेंगे नजर में थाना प्रभारी ने बताया कि घंटाघर, वैली बाजार व खैरनगर समेत पूरे क्षेत्र में सड़क और चौराहे पर 70 कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा और सतर्कता बनी रहे। घंटाघर चौकी में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। चार एलइडी पर हर वक्त नजर रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। मास्क न पहनने वाले, बाइक पर तीन बैठे और बिना हेलमेट वालों की कंट्रोल रूम से ही पहचान हो जाएगी। वह जिधर जा रहे होंगे, उससे आगे वाले चौराहे पर पुलिसकर्मियों को सचेत कर कार्रवाई कराई जाएगी। इसके साथ ही अपराध करने वालों की धरपकड़ भी आसान होगी। बताया कि यह प्रयोग उन्होंने मवाना में भी किया था, जो बेहद सफल रहा था।