मेरठ में Priyanka Gandhi Vadra का दिखा अलग अंदाज, इनोवा गाड़ी से उतरकर ट्रैक्टर से पहुंचीं महापंचायत स्थल
Kisan Mahapanchayat मेरठ के कैली गांव में किसान महापंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका का एक अलग ही रूप देखने को मिला। प्रियंका जब मेरठ पहुंचीं तो महापंचायत स्थल जाने के लिए उन्होंने इनोवा गाड़ी का सहारा नहीं लिया बल्कि वे महापंचायत में ट्रैक्टर से पहुंचीं।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ के कैली गांव में किसान महापंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका का एक अलग ही रूप देखने को मिला। प्रियंका जब मेरठ पहुंचीं तो महापंचायत स्थल जाने के लिए उन्होंन इनोवा गाड़ी का सहारा नहीं लिया बल्कि वे महापंचायत में ट्रैक्टर से पहुंचीं। प्रियंका को ऐसा करते देख मंच से प्रियंका के नारे लगने लगे। साथ ही जय जवान जय किसान के भी नारे लगाए जा रहे थे।
कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का काफिला जैसे ही हाईवे पर दादरी कट से केली गांव की ओर मुड़ा, वहां कांग्रेसियों की भारी भीड़ उन्हें लेने के लिए पहुंची हुई थी। इनोवा गाड़ी में सवार प्रियंका गांधी गाड़ी के अंदर से ही कार्यकर्ताओं को हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार कर रही थीं।
200 मीटर पहले ही ट्रैक्टर पर सवार हुईं प्रियंका
कैली गांव में किसान पंचायत स्थल से महज 200 मीटर पहले ही भारी भीड़ को देख प्रियंका इनोवा गाड़ी से उतर गईं। उसके बाद वह एक महिला कार्यकर्ता और सुरक्षाकर्मियों के साथ ट्रैक्टर पर सवार हो गईं। ट्रैक्टर को कांग्रेसी नेता चला रहे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह था। कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सोनिया गांधी नारे लगाते हुए कार्यकर्ता के बढ़ रहे थे।
सेल्फी ले रहे थे किसान
कोई प्रियंका गांधी के साथ सेल्फी ले रहा था, तो कोई उनकी वीडियो व फोटो खींच रहा था। इनोवा गाड़ी से ट्रैक्टर पर बैठने के दौरान तक प्रियंका गांधी ने नीले रंग का मास्क लगाए हुआ था। जब वह ट्रैक्टर पर बैठी और कार्यकर्ताओं का जोश देखा तो उन्होंने मास्क हटाया और हाथ मिलाते हुए उनका अभिवादन स्वीकार किया।
कंमाड़ों को करनी पड़ी मशक्कत
भीड़ को देखते हुए प्रियंका गांधी की सुरक्षा में तैनात कमांडो को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस आपाधापी में बहुत कार्यकर्ता व मीडियाकर्मी सड़क पर गिर भी गए। लोगों के मोबाइल भी भीड़ में गिर गए जिनके ऊपर से गाड़ी के पहिए या पैरों तले दबने से वह टूट गए। वहीं भीड़ ने एक युवक को मोबाइल चोरी के शक में भी पकड़ा लिया। भीड़ ने चांटा रसीद कर युवक को वहां से भगा दिया।