Positive India: लॉकडाउन के दौरान दरियादिली, जरूरतमंदों को खाना खिला रहे हैं कानून के रखवाले Meerut News
लिसाड़ीगेट सिविल लाइन्स टीपीनगर और परतापुर थाना पुलिस ने भी खाने के साथ-साथ कच्चा राशन वितरित किया। लोगों का ध्यान रखा जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। Positive India कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस का लॉकडाउन के दौरान नया चेहरा सामने आया है। मरीजों और जच्चा-बच्चा को अस्पताल से घर तक पहुंचाने से लेकर सड़क के किनारे झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को खाना मुहैया कराया जा रहा है।
सभी अफसरों ने की पहल
शुक्रवार को एडीजी प्रशांत कुमार, डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी बेगमपुल पर पहुंचे। नाले की पटरी पर रहने वाले जरूरतमंदों को अफसरों ने खाना खिलाया। इसके बाद तेजगढ़ी स्थित विवि रोड पर झुग्गी में रहने वाले लोगों को एडीजी और एसएसपी खाना बांटा रहे थे। तभी आइजी प्रवीण कुमार भी पहुंच गए। उन्होंने भी खाना वितरण किया। लिसाड़ीगेट, सिविल लाइन्स, टीपीनगर और परतापुर थाना पुलिस ने भी खाने के साथ-साथ कच्चा राशन वितरित किया। सदर बाजार, कंकरखेड़ा और नौचंदी पुलिस ने खाना तैयार करने के बाद लोगों को बांटा।
लालकुर्ती पुलिस ने भगाया, सदर बाजार ने खाना खिलाया
बिहार के रहने वाले मजदूर कैंट क्षेत्र में काम करते हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या में मजदूर खाने के लिए लालकुर्ती थाने पहुंचे। थानेदार ने खाना देने के बजाये डायल-112 का नंबर देखकर बाहर कर दिया। सदर बाजार पुलिस को मामले की सूचना दी। एसओ विजय गुप्ता खाना लेकर पहुंचे और मजदूरों को खिलाया। एसएसपी ने इंस्पेक्टर के इस रवैये पर जांच बैठा दी गई है।
सिविल लाइन पुलिस ने भी कराया भोजन
लॉकडाउन के दौरान सिविल लाइन पुलिस ने भी बेसहारा लोगों को भोजन कराया। मजदूरी करके घर का पालन-पोषण करने वाले लोगों के लिए घर चलाने में काफी समस्या आ रही है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के यादगार पुलिया पर करीब दो दर्जन लोग रहते है। कुछ लोग रिक्शा चलाकर अपने घरों का पालन-पोषण करते है तो कुछ लोग मजदूरी करके घर चलाते है। लॉकडाउन के दौरान मजदूरी नहीं मिलने पर उन्हें दो वक्त की रोटी भी मिलना दूभर हो गया। आस-पास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी अब्दुल रहमान सिद्दकी और उनकी टीम के साथ एनजीओ संचालिका रीना पटेल ने लोगों को खाद्य सामग्री वितरीत की और भोजन कराया।
जरूरतमंदों को कराया भोजन
शुक्रवार को मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास बस्ती में एसओ दिग्विजय सिंह शाही के साथ समाजसेवी व व्यापारी नेता राजेश कांत जैन, पूर्व चेयरमैन परमेंद्र सिंह, पार्षद विक्रांत ढाका समेत अन्य लोगों ने करीब सौ से अधिक जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट दिए।