चार घंटे में पुलिस ने खंगाले 52 शादी के मंडप, तीन मुकदमे हुए दर्ज
शादी समारोह के दौरान शारारिक दूरियां का पालन नहीं करने और मास्क नहीं लगाने के मामले में चार घंटे का चेकिग अभियान चलाया।
मेरठ, जेएनएन। शादी समारोह के दौरान शारारिक दूरियां का पालन नहीं करने और मास्क नहीं लगाने के मामले में चार घंटे का चेकिग अभियान चलाया। शहर के चौदह थानों की पुलिस ने 52 शादी के मंडपों की जांच की। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में घुड़चढ़ी के दौरान शारीरिक दूरियां का पालन नहीं करने पर दो शादी समारोह में दूल्हे और दुल्हन के पिता पर दो और नौचंदी थाना क्षेत्र में भी बारातियों पर मुकदमा दर्ज किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ने के बाद शादी समारोह में समिति लोगों के मौजूद होने की अनुमति दी गई है। उसके बावजूद लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो रहे है। मंगलवार को पुलिस ने बैजल भवन में आयोजित शादी समारोह में दूल्हे और दुल्हन के पिता और मंडप संचालक पर मुकदमा किया। उसके बाद एसएसपी अजय साहनी के आदेश पर बुधवार की शाम से चार घंटे का अभियान चलाया गया। सभी थाना प्रभारी अपनी अपनी टीम के साथ शादी के मंडपों में पहुंचे। सभी ने चेकिग की। कुछ मंडपों में बारात में आए लोगों की गिनती भी की गई। हालांकि ज्यादातर शादी समारोह में लोगों की संख्या अनुमति के मुताबिक ही मिली है, जहां पर लोगों ने मास्क नहीं लगाया। उन्हें हिदायत देकर जुर्माना वसूला गया है। सदर बाजार पुलिस ने करीब 13 लोगों से जुर्माना लिया, जबकि टीपीनगर पुलिस ने 19 लोगों से तथा परतापुर पुलिस ने 21 लोगों से मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना लिया है। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बताया कि अमनतास मंडप के बाहर और रोहटा रोड पर घुडचढ़ी के दौरान शारारिक दूरियां का पालन नहीं किया जा रहा था, जिस पर दुल्हा और दूल्हन के पिता पर महामारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि शादी के मंडप में शारारिक दूरियां का पालन कराना मंडप स्वामी की भी जिम्मेदारी है। अनुमति से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने पर मंडप स्वामी को भी नामजद किया जाएगा। साथ ही भविष्य उनको अनुमति भी नहीं दी जाएगी।
ज्यादातर मंडपों में बारातियों का तापमान हुआ चेक : मंडप में प्रवेश करने से पहले स्नेटाइजर से हाथ धुलाए जा रहे थे। साथ ही तापमान चेक करने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा था। पुलिस की चेकिेंग के कारण मंडपों की स्थिति में भी सुधार देखा गया है। एएसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि बाइपास स्थित सभी मंडप कोरोना के नियमों का पालन करते पाए गए।