रमजान को लेकर पुलिस सतर्क, नमाज के लिए एकत्र हुए तो होगी कार्रवाई Meerut News
रमजान को लेकर गंगानगर पुलिस ने मुस्लिम समाज के लोगों को शारीरिक दूरी के नियम का पालन कराते हुए मस्जिद में भीड़ व सामूहिक रूप से नमाज न पढ़ने की बात कही।
मेरठ, जेएनएन। रमजान को लेकर गंगानगर पुलिस ने मुस्लिम समाज के लोगों को शारीरिक दूरी के नियम का पालन कराते हुए मस्जिद में भीड़ व सामूहिक रूप से नमाज न पढ़ने की बात कही। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार शर्मा ने बुधवार को कसेरू बक्सर में लोगों को बुलाकर उन्हें लॉकडाउन संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मस्जिद की साफ सफाई के लिए केवल इमाम व उनके साथ एक व्यक्ति ही अंदर रह सकता है। इसके अलावा नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में बिल्कुल भी एकत्र न हों। ड्रोन कैमरे की फुटेज में आने पर कार्रवाई होगी। वहीं टीपीनगर पुलिस ने भी मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक की।
चांद कमेटी की बैठक शुक्रवार को
रमजान के आरंभ होने की तिथि का ऐलान शुक्रवार को चांद कमेटी की बैठक में होगा। यह जानकारी देते हुए शहरकाजी जैनुस साजिदीन ने कहा कि 24 अप्रैल को रमजान का चांद देखा जाएगा। अगर चांद नजर आ गया तो 25 अप्रैल के दिन पहला रोजा होगा। अगर चांद नजर नहीं आया तो फोन के जरिए दूसरे स्थानों से सूचना ली जाएगी। चांद कमेटी के मशविरा करने के बाद फैसला लिया जाएगा। जिसकी घोषणा की जाएगी।
तरावीह के लिए नियम
शहरकाजी ने कहा कि रमजान में तरावीह की नमाज मस्जिदों में जमात के साथ नहीं होगी। केवल मस्जिद इमाम और अन्य कार्यकर्ता, जिसमें चार से अधिक लोग नहीं होगें वो तरावीह पढ़ सकते हैं। मस्जिद में बाहर के किसी आदमी को प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। लोग घरों में तरावीह पढ़ें और लेकिन पड़ोस के व्यक्ति को बुलाने की इजाजत नहीं होगी। शहरी और इफ्तार के समय का ऐलान मस्जिदों से होगा।