विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसी ने लकड़ी से कार बनाई, किसी ने कबाड़ से कलाकृति... मेरठ में भविष्य के साइंटिस्ट-इंजीनियर तैयार करने वाली लैब शुरू

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 26 Nov 2026 04:28 PM (IST)

मेरठ के पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में नवाचार एवं कौशल बोध प्रयोगशाला का शुभारंभ हुआ। यह प्रयोगशाला छात्रों को विभिन्न प्रोजेक्ट्स के माध्यम से तकनीकी दक्षता, समस्या समाधान और आत्मनिर्भरता विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में नवाचार एवं कौशल बोध प्रयोगशाला का शुभारंभ।

  2. खेती, जैव विविधता, रोबोटिक्स और डिजिटल तकनीक सीखने के मिलेंगे अवसर।

जागरण संवाददाता, मेरठ। अब विद्यार्थियों की पढ़ाई केवल किताबों, ब्लैकबोर्ड और परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी। वे अपने हाथों से चीजें बनाएंगे, मशीनों के काम करने का तरीका समझेंगे, तकनीक का इस्तेमाल करेंगे और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजेंगे।

इसी उद्देश्य से पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में विकसित नवाचार एवं कौशल बोध प्रयोगशाला का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। विद्यालय के चेयरमैन एवं चार्जिंग रैम आर्टी ब्रिगेड के ब्रिगेड कमांडर ब्रिगेडियर मेहिंदर कुमार ने प्राचार्य राजकुमार शर्मा और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।

नई प्रयोगशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ, रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता, समस्या समाधान और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। यहां विद्यार्थी केवल किसी विषय के बारे में पढ़ेंगे नहीं, बल्कि उससे जुड़े प्रोजेक्ट तैयार करके स्वयं सीखेंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा- 2023 की भावना के अनुरूप शुरू की गई यह पहल शिक्षा को काम और वास्तविक जीवन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

छह तरह के प्रोजेक्ट से सीखेंगे काम करने का हुनर

कौशल बोध की गतिविधियों में विद्यार्थियों को जीवन से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा। गतिविधि पुस्तक में छह प्रमुख प्रोजेक्ट शामिल हैं। इनमें स्कूल किचन गार्डन, जैव विविधता रजिस्टर, मेकर स्किल्स, एनिमेशन एवं गेम्स, स्कूल म्यूजियम और बिना आग के खाना पकाना शामिल हैं।

स्कूल किचन गार्डन के माध्यम से विद्यार्थी पौधे लगाने, उनकी देखभाल, मिट्टी, खाद और पौधों के विकास की प्रक्रिया समझेंगे। जैव विविधता रजिस्टर तैयार करते समय वे अपने आसपास मौजूद पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं की पहचान कर उनका रिकार्ड तैयार करना सीखेंगे।

मेकर स्किल्स के अंतर्गत विद्यार्थियों को औजारों, उपकरणों और विभिन्न सामग्रियों के इस्तेमाल से उपयोगी चीजें बनाने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। एनिमेशन एवं गेम्स के प्रोजेक्ट में वे डिजिटल रचनात्मकता, डिजाइन और तकनीकी कौशल विकसित करेंगे। स्कूल म्यूजियम के जरिए ऐतिहासिक और स्थानीय महत्व की वस्तुओं को संकलित करने, उनका दस्तावेजीकरण और प्रदर्शन करने की समझ विकसित होगी। वहीं, बिना आग के खाना बनाने की गतिविधि से खाद्य सामग्री, पोषण, स्वच्छता और सुरक्षित भोजन तैयार करने की जानकारी मिलेगी।

आर्डिनो और रास्पबेरी पीआइ से समझेंगे तकनीक की दुनिया

प्रयोगशाला की एक विशेषता आधुनिक इलेक्ट्रानिक्स और कंप्यूटिंग उपकरणों से परिचय कराना भी है। यहां प्रदर्शित तकनीकी चार्ट में आर्डिनो यूनो आर3, आ प्रो मिनी 328, रास्पबेरी पीआइ 4 माडल बी और आ मेगा 2560 आर3 जैसे माइक्रोकंट्रोलर एवं सिंगल बोर्ड कंप्यूटर की जानकारी दी जाएगी।

इन उपकरणों के माध्यम से विद्यार्थी समझ सकेंगे कि छोटे इलेक्ट्रानिक सिस्टम कैसे काम करते हैं, सेंसर और इनपुट-आउटपुट पिन का क्या उपयोग होता है और कंप्यूटर आधारित तकनीक से अलग-अलग प्रोजेक्ट कैसे तैयार किए जा सकते हैं।

आर्डिनो के जरिए इलेक्ट्रानिक सर्किट और नियंत्रित उपकरणों की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलेगा, जबकि रास्पबेरी पीआइ जैसे कंप्यूटर बोर्ड से कंप्यूटिंग और डिजिटल तकनीक की बुनियादी जानकारी विकसित की जा सकेगी। इस तरह प्रयोगशाला विद्यार्थियों को इलेक्ट्रानिक्स, कंप्यूटिंग, डिजाइन, निर्माण और नवाचार की शुरुआती समझ देने का माध्यम बनेगी।

पढ़ने से ज्यादा करके सीखने पर जोर

प्राचार्य राजकुमार शर्मा के अनुसार इस पहल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इसका प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण माडल है। इसमें विद्यार्थी समूह बनाकर किसी समस्या या विषय का चयन करेंगे। इसके बाद जरूरी सामग्री जुटाएंगे, योजना बनाएंगे, प्रयोग करेंगे और अपने हाथों से प्रोजेक्ट तैयार करेंगे। जरूरत पड़ने पर शिक्षक, तकनीकी विशेषज्ञ, कारीगर, किसान और संबंधित क्षेत्र के अनुभवी लोगों से भी मार्गदर्शन लिया जा सकेगा।

उदाहरण के तौर पर स्कूल किचन गार्डन बनाने में विद्यार्थी केवल पौधों के नाम याद नहीं करेंगे, बल्कि बीज बोने से लेकर पौधों की देखभाल और उनके विकास तक की प्रक्रिया में भाग लेंगे। इसी तरह मेकर स्किल्स में किसी उपयोगी वस्तु का माडल तैयार करते हुए उन्हें औजारों और सामग्रियों का वास्तविक इस्तेमाल सीखने को मिलेगा।

विद्यार्थियों को अपनी पसंद और रुचि के अनुसार प्रोजेक्ट चुनने और नए विचारों पर काम करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। गतिविधि पुस्तक में दिए गए प्रोजेक्ट अनिवार्य नहीं हैं। विद्यालय और विद्यार्थी स्थानीय जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और अपनी रचनात्मकता के अनुसार दूसरे प्रोजेक्ट भी तैयार कर सकते हैं।

सालभर चलेगा कौशल विकास का अभ्यास

कौशल बोध की व्यवस्था में केवल एक-दो दिन की गतिविधियों के बजाय पूरे शैक्षणिक सत्र में निरंतर अभ्यास पर जोर दिया गया है। पाठ्यचर्या संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार व्यावसायिक शिक्षा के लिए एक शैक्षणिक वर्ष में कुल 110 घंटे यानी 165 पीरियड निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक पीरियड 40 मिनट का होगा।

इन गतिविधियों को सप्ताह के दो कार्यदिवसों और शनिवार के एक पीरियड में विभाजित किया जा सकता है। प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए लगभग 30 घंटे यानी 55 पीरियड का समय प्रस्तावित है, ताकि विद्यार्थी किसी विषय को समझने, प्रयोग करने, गलतियों से सीखने और अपने काम को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त समय प्राप्त कर सकें।

परीक्षा ही नहीं, काम करने की क्षमता भी बनेगी मूल्यांकन का आधार

इस शिक्षण पद्धति में विद्यार्थियों का मूल्यांकन केवल लिखित परीक्षा से नहीं होगा। उनके बनाए प्रोजेक्ट, गतिविधियों में भागीदारी, प्रस्तुतीकरण, व्यवहार और काम करने की क्षमता को भी महत्व दिया जाएगा।

निर्धारित मूल्यांकन व्यवस्था में लिखित परीक्षा का 10 प्रतिशत, मौखिक प्रस्तुतीकरण एवं वाइवा का 30 प्रतिशत, गतिविधि पुस्तक का 30 प्रतिशत, पोर्टफोलियो का 10 प्रतिशत और गतिविधियों के दौरान शिक्षकों के अवलोकन का 20 प्रतिशत वेटेज रखा गया है।

इसमें 80 प्रतिशत व्यावहारिक और 20 प्रतिशत सैद्धांतिक पक्ष पर जोर दिया गया है। शिक्षक विद्यार्थियों की गतिविधियों को लगातार देखेंगे, उनसे सवाल पूछेंगे और उनके काम की प्रगति का रिकार्ड रखेंगे। विद्यार्थी भी अपने अनुभव, प्रोजेक्ट की तस्वीरें, नोट्स और तैयार उत्पाद पोर्टफोलियो में संकलित करेंगे।

आत्मनिर्भरता और रोजगारपरक कौशल की ओर कदम

नई प्रयोगशाला का व्यापक उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। यहां वे टीमवर्क, समय प्रबंधन, संवाद, जिम्मेदारी, रचनात्मकता और समस्या समाधान जैसे जीवन कौशल भी सीखेंगे। खेती, तकनीक, मशीनों, सेवाओं और स्थानीय कामकाज से जुड़ी गतिविधियां उन्हें यह समझने में मदद करेंगी कि विद्यालय में सीखा गया ज्ञान वास्तविक जीवन में किस तरह उपयोगी होता है।

किसी ने लकड़ी से कार बनाई, किसी ने कबाड़ को कलाकृति में बदला

प्रयोगशाला में विद्यार्थियों के लिए सीखना अब केवल किताबों तक सीमित नहीं है। यहां कोई हैंडसॉ से लकड़ी काटकर कार का माडल तैयार कर रहा है तो कोई मिट्टी को पाटरी व्हील पर घुमाकर घड़ा, गिलास और दीये बनाने की कला सीख रहा है।

कक्षा आठ के छात्र आरव श्रीवास्तव ने बताया कि वह लकड़ी के ब्लाक्स को जोड़कर कार का बेस तैयार कर रहे हैं। इसके बाद टायर बनाकर उन्हें कार में लगाया जाता है। छात्र रचित को प्रयोगशाला में सबसे अधिक आकर्षण पाटरी व्हील का है, जिसके माध्यम से पारंपरिक मिट्टी के बर्तन बनाने का हुनर सीखा जा सकता है।

वहीं, छात्र कार्तिकेय ने वेस्ट-टू-क्राफ्ट गतिविधि के तहत बेकार पड़ी बोतल को सुंदर कलाकृति में बदल दिया। बोतल पर रंगों से सजावट कर भगवान श्रीकृष्ण का चित्र बनाया और 'राधे-राधे' लिखा। उनका कहना है कि ऐसी बोतलों को घर और विद्यालय की सजावट के साथ पौधे लगाने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी जो चीज कचरे में फेंक दी जाती, उसे रचनात्मकता से उपयोगी और आकर्षक बनाया जा सकता है।

तकनीक के क्षेत्र में भी विद्यार्थी पीछे नहीं हैं। 3डी प्रिंटर के प्रदर्शन के दौरान शिक्षक ने समझाया कि लैपटाप, माउस या मोबाइल से दिए गए कमांड को मशीन का प्रोसेसर ग्रहण करता है और नोजल के माध्यम से प्लास्टिक की परतें जमाकर त्रिआयामी आकृति तैयार करता है।

वहीं, रेफ्रिजरेशन साइकिल का माडल प्रस्तुत करते हुए छात्र ने बताया कि फ्रिज वास्तव में ठंडक पैदा नहीं करता, बल्कि अपने अंदर की गर्मी को बाहर निकालता है। इसमें कंप्रेसर, कंडेंसर काइल, ड्रायर फिल्टर, कैपिलरी ट्यूब और कूलिंग काइल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक ने बताया कि यही मूल सिद्धांत फ्रिज और एयर कंडीशनर जैसे उपकरणों में भी काम करता है।

इस तरह विद्यार्थी लकड़ी, मिट्टी, बेकार सामग्री और आधुनिक तकनीक के माध्यम से न केवल नई चीजें बनाना सीख रहे हैं, बल्कि उनके पीछे छिपे विज्ञान और उपयोगिता को भी समझ रहे हैं। यहां गलती करना भी सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है और तैयार नाडल उनके ज्ञान, कल्पनाशीलता और हुनर का प्रमाण बन रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।