विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दी मेरठ के सरूरपुर खुर्द के किसान अरुण पूनिया से सीख लेने की नसीहत... यह है वजह

By Sarvendra Pundir Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 29 Mar 2026 07:56 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में मेरठ के किसान अरुण पूनिया की सौर ऊर्जा के सफल उपयोग के ...और पढ़ें

दिल्ली के भारत मंडपम में हुए एआइ समिट के दौरान प्रधानमंत्री के साथ अरुण कुमार पूनिया। सौ. अरुण पूनिया

दिल्ली के भारत मंडपम में हुए एआइ समिट के दौरान प्रधानमंत्री के साथ अरुण कुमार पूनिया। सौ. अरुण पूनिया 

HighLights

  1. मन की बात कार्यक्रम में सरूरपुर के किसान अरुण पूनिया का नाम लेकर की तारीफ

  2. किसान के पूरे परिवार में खुशी का माहौल, बिजली बिल जीरो कर कमाए तीन हजार

जागरण संवाददाता, मेरठ। मन की बात कार्यक्रम में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ के सरूरपुर खुर्द के किसान अरुण कुमार पूनिया के बारे में कहा कि वे सौर ऊर्जादाता बन गए हैं। उनसे दूसरों को भी सीख लेनी चाहिए। अरुण कुमार को कुछ दिन पहले दिल्ली के भारत मंडपम में हुए एआइ समिट में बुलाया गया था, जहां पर उन्होंने सौर ऊर्जा को लेकर अपना प्रस्तुतिकरण दिया था। उन्होंने बताया था कि उनका बिजली बिल जीरो हो गया है और चार माह में उन्होंने तीन हजार रुपये की बिजली भी बेची।

अरुण पूनिया ने नवंबर माह में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाया था। जिसका खर्च एक लाख 80 हजार रुपये आया था। प्रदेश व केंद्र सरकार से उसे एक लाख आठ हजार की सब्सिडी मिल गई थी। किसान का मात्र 72 हजार रुपये खर्च हुआ था।

एआइ समिट में उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुतिकरण में बताया कि अब वह बिजली न देकर खुद बेच रहे हैं। अरुण पूनिया का नाम मन की बात में लेने के बाद उनका पूरा परिवार खुश है। बता दें कि अरुण पूनिया एक युवा किसान है, उनके परिवार में बेटा, पत्नी और मां है।

एआइ समिट में अरुण का ऐसे हुआ था चयन
नेडा के परियोजना निदेशक प्रमोद भूषण ने बताया कि रूलर इलेक्ट्रिफिकेशन कार्पोरेशन मेरठ में सर्वें करके 10 लोगों का नाम लेकर गई थी। जिसके बाद दिल्ली से अरुण पूनिया का नाम चुना गया था। इसके बाद बैंगलुरु से एक टीम अरुण पूनिया के घर सर्वे करने आई थी। जिसके बाद अरुण पूनिया को चुना गया था।

जनपद में लग चुके आठ हजार सोलर सिस्टम
नेडा के परियोजना निदेशक प्रमोद भूषण ने बताया कि जिले में अब तक आठ हजार सोलर सिस्टम लग चुके हैं। 2026-27 में 10 हजार लगाने का लक्ष्य है। जिनके यहां यह सिस्टम लगे हैं, उनका बिल जीरो हो चुका है और वह बिजली बेच भी रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने अरुण की एक्स पर की तारीफ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर अरुण पूनिया की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। अरुण पूनिया जैसे अनेकों लोग सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल तो बचा ही रहे है, साथ ही आदमनी भी कर रहे हैं। यह प्रधानमंत्री के दूरदर्शी विजन का प्रतिफल है।