जलनिकासी की बेहतर सुविधा चाहते हैं पल्लवपुरम टी-पाकेट के लोग
दैनिक जागरण के स्वछ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को पल्लवपुरम फेज दो के टी पाकेट में विशेष सफाई कराई गई।
मेरठ, जेएनएन। दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत गुरुवार को पल्लवपुरम फेज दो के टी पाकेट में विशेष सफाई कराई गई। अभियान में पहुंचीं महापौर और सहायक नगर आयुक्त ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। जलनिकासी की प्रमुख समस्या सामने आई, जिसके समाधान का वादा किया गया।
विशेष सफाई अभियान की शुरुआत सुबह 7.30 बजे पल्लवपुरम टी पाकेट चौराहे से हुई। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विपिन चौधरी के नेतृत्व में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने सड़क पर झाड़ू लगाई, कचरा उठाया, नालियों की सफाई की और जगह-जगह लगे पेड़ों की पत्तियों के ढेर हटाए गए। सुबह 10 बजे महापौर सुनीता वर्मा और सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. गजेंद्र सिंह अभियान में पहुंचे। क्षेत्रीय पार्षद विक्रांत ढाका के साथ टी पाकेट मोहल्ले का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों से मिले। लोगों ने जलनिकासी व पार्क के रखरखाव समेत कई समस्याएं उठाई।
लोगों ने रखीं ये समस्याएं
- टी पाकेट की सड़कें जर्जर हैं, जिससे दिनभर धूल उड़ती है।
- नालियां जगह-जगह जाम पड़ी हैं। जिससे जलनिकासी नहीं होती।
- सीवर लाइन की सफाई नहीं हो रही है। (इसका जिम्मा एमडीए का है)।
- स्ट्रीट लाइट खराब हैं, जिन्हें बदलने की जरूरत है।
- एमडीए से हस्तांतरित बारातघर खंडहर हो रहे हैं। निगम अधिकारियों ने किया ये वादा
- सड़कों पर पैचवर्क शुरू हुआ है। जल्द यहां भी हो जाएगा।
- नालियों की युद्ध स्तर पर सफाई के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने दिए।
- बारातघर की मरम्मत कराकर इसे एजेंसियों को सुपुर्द किया जाएगा।
- पार्क के रखरखाव को लेकर उद्यान प्रभारी को निर्देश दिए गए।
लोगों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
टी पाकेट में सीवर लाइन की सफाई नहीं हो रही है। आए दिन ओवरफ्लो हो जाती है। एमडीए ने नगर निगम को सीवर लाइन हैंडओवर नहीं की है। एमडीए सफाई भी नहीं करता है।
कर्नल बी एम मिड्ढा
---
नगर निगम से पार्क के रखरखाव के बारे में आरटीआइ से पूछा था। कितने कर्मचारी लगे हैं। रखरखाव में कितना पैसा खर्च होता है। यह जानकारी आज तक नहीं दी गई। पार्को का तो रखरखाव बेहतर हो।
धर्मवीर कपिल
---
जल निकासी के लिए नालियां तो बनी हैं, लेकिन इनका उपयोग नहीं हो रहा है। यह नालियां मुख्य नाले से जुड़ी नहीं हैं। जिससे लोगों के घरों का पानी सीवर लाइन में ही जा रहा है।
प्रो. वाई पी सिंह
---
इन्होंने कहा-
पल्लवपुरम टी पाकेट के लोगों ने समस्याएं बताई हैं। नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिया गया है कि वह प्राथमिकता पर इन समस्याओं का निदान कराएं। व्यवस्थाएं ठीक होने के बाद फिर निरीक्षण किया जाएगा।
सुनीता वर्मा, महापौर