WPL Auction 2027: मेरठ की परुणिका सिसोदिया पर रहेंगी सभी फ्रेंचाइजी की नजरें, 10 लाख रुपये है बेस प्राइस
WPL 2027 की नीलामी सूची में मेरठ की परुणिका सुधीर सिसोदिया का नाम 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर शामिल है, जिस पर सभी फ्रेंचाइजियों की नजरें रहेंगी।

परुणिका सिसोदिया और WPL की ट्रॉफी
HighLights
परुणिका सिसोदिया WPL 2026 नीलामी सूची में शामिल।
उनका बेस प्राइस 10 लाख रुपये निर्धारित किया गया।
बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज मुंबई इंडियंस के लिए खेलीं।
जागरण संवाददाता, मेरठ। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी सूची में क्रिकेटर परुणिका सुधीर सिसोदिया पर सबकी निगाहें रहेंगी। नीलामी के लिए 146 खिलाड़ियों की सूची में परुणिका का नाम 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर शामिल है।
शहर की रहने वाली परुणिका दिल्ली की महिला क्रिकेट टीम से खेलती हैं और अपनी बाएं हाथ की धीमी आर्थोडाक्स स्पिन गेंदबाजी के लिए जानी जाती हैं। नीलामी में उन्हें किस फ्रेंचाइजी का साथ मिलता है, यह देखना दिलचस्प होगा।
परुणिका ने महिला प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए अपने प्रदर्शन की झलक दिखाई है। वह डब्ल्यूपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से पांच मुकाबले खेल चुकी हैं। इनमें चार पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 54 गेंदों में 84 रन दिए और एक विकेट हासिल किया। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर एक विकेट रहा। टी-20 प्रारूप में उनकी भूमिका मुख्य रूप से गेंदबाज की है।
बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी करती हैं परुणिका
परुणिका सिसोदिया मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स जैसी डब्ल्यूपीएल टीमों से जुड़ी रही हैं। उन्होंने छह मार्च 2025 को यूपी वारियर्स के खिलाफ 21 रन देकर एक विकेट लिया था। इसके बाद गुजरात जायंट्स के खिलाफ 10 मार्च और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 11 मार्च को भी वह मैदान पर उतरीं।
दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाली परुणिका बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करती हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम होती है। ऐसे में नीलामी के दौरान फ्रेंचाइजी की रणनीति और टीम संयोजन उनके चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
महिला क्रिकेट को बढ़ाने में जुटी कोच छाया कराना के अनुसार जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं की लंबी परंपरा रही है। ऐसे में शहर की खिलाड़ी का महिला प्रीमियर लीग की नीलामी सूची में शामिल होना स्थानीय क्रिकेट के लिए उत्साहजनक है।
उत्तराखंड में महिला प्रीमियर लीग में अपनी टीम उतारने वाली छाया को उम्मीद है कि रिया भाटी को भी इस वर्ष की वुमन प्रीमियर लीग में किसी टीम में स्थान मिल सकता है। अन्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी टीमें नजर रखी हैं।
