भाजपा पार्षदों से बोले थानाध्यक्ष, मैं तुम्हें नहीं जानता.. हो गया हंगामा
मेरठ जेएनएन। पल्लवपुरम थानाध्यक्ष ने भाजपा पार्षद विक्रांत ढाका और लोकेश चौहान से शुक्रवार क
मेरठ, जेएनएन। पल्लवपुरम थानाध्यक्ष ने भाजपा पार्षद विक्रांत ढाका और लोकेश चौहान से शुक्रवार को मोदीपुरम चौकी में बदसलूकी कर दी। दोनों पार्षदों से कहा कि मैं तुम्हें नहीं जानता। चौकी से बाहर निकलो। इससे नाराज पार्षदों ने फोन कर भाजपाइयों को चौकी पर बुला लिया और खूब हंगामा किया। भीड़ को देख थानाध्यक्ष कंकरखेड़ा और टीपीनगर में अतिक्रमण हटाने में ड्यूटी की बात कहकर चौकी से निकल लिए। पार्षदों ने केंद्रीय राज्यमंत्री मंत्री, कैंट विधायक और भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष को प्रकरण की जानकारी दी। तीनों नेताओं ने कप्तान से बात कर थानाध्यक्ष की शिकायत की। तीन घंटे बाद थानाध्यक्ष चौकी पहुंचे और 'मुझसे समझने में गलती हो गई' यह बात कहकर मामला शांत किया।
पल्लवपुरम क्षेत्र के भाजपा पार्षद विक्रांत ढाका और रुड़की रोड क्षेत्र के पार्षद लोकेश चौहान शुक्रवार को एपेक्स टावर कालोनी निवासी प्रापर्टी डीलर शौर्य मलिक की सिफारिश में मोदीपुरम चौकी पहुंचे थे। दोनों पार्षदों का आरोप है कि चौकी में थानाध्यक्ष अवनीश अष्टवाल ने शौर्य मलिक को बदमाश कहा। थानाध्यक्ष की इस भाषा शैली का दोनों पार्षदों ने विरोध किया। इस पर थानाध्यक्ष ने दोनों पार्षदों से बदसलूकी कर दी। दोनों पार्षदों की थानाध्यक्ष से नोकझोंक हो गई। इसके बाद पार्षदों ने केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल को पूरा प्रकरण बताया। तीनों नेताओं ने कप्तान को फोन कर थानाध्यक्ष द्वारा माफी मांगने को कहा। थानाध्यक्ष द्वारा माफी मांगने और उन्हें थाने से हटाने की मांग पर भाजपाई अड़े रहे।
पल्लवपुरम फेज-दो में एक विधवा महिला के मकान पर किरायेदार युवक ने कब्जा किया हुआ था। वहीं शौर्य मलिक के खिलाफ कालोनी की महिलाओं ने शिकायत की थी। दोनों आरोपितों की सिफारिश में पार्षद आए थे, जिनसे हल्की कहासुनी हुई। मामला शांत हो गया है।
अवनीश अष्टवाल, थानाध्यक्ष पल्लवपुरम