Move to Jagran APP

बेटी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं ... हाथरस घटना को लेकर आक्रोश, कामकाज ठप कर हड़ताल Meerut News

लगातार दूसरे दिन हाथरस की बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर मेरठ सहारनपुर सहित आसपास के जिलों में गुरुवार को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज ने आंदोलन शुरू कर दिया। सुबह से ही शहर की सफाई ठप कर दी गई।

By Prem BhattEdited By: Published: Thu, 01 Oct 2020 01:03 PM (IST)Updated: Thu, 01 Oct 2020 03:50 PM (IST)
बेटी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं ... हाथरस घटना को लेकर आक्रोश, कामकाज ठप कर हड़ताल Meerut News
हाथरस की बिटिया के साथ दरिंदगी को लेकर पूरे वेस्‍ट यूपी में आक्रोश है।

मेरठ, जेएनएन। हाथरस की बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए मेरठ, सहारनपुर सहित आसपास के जिलों में गुरुवार को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज ने आंदोलन शुरू कर दिया। सुबह शहर की सफाई ठप कर दी गई। इसके बाद नगर निगम परिसर में सफाई कर्मचारी नेताओ ने धरना शुरू कर दिया। सफाई कर्मचारियों के समर्थन में नगर निगम के अन्य कर्मचारी संगठन भी उतर आए। जिससे नगर निगम में भी काम काम बंद हो गया।

loksabha election banner

पीड़ित परिवार को सरकार एक करोड़ का मुआवजा दे

डीएस4 के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र गहरा, सफाई कर्मचारी नेता कैलास चंदोला, राजू धवन समेत अन्य सफाई कर्मचारी नेताओं ने सुबह शहर में सफाई कार्य बंद कराया। इसके बाद सुबह 11 बजे नगर निगम परिसर पहुँचे। नगर निगम परिसर में धरना शुरू कर दिया। धरने पर जमकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बेटी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं ...जैसे नारे लगाकर हाथरस की बेटी के लिए इंसाफ की गुहार लगाई। वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारी नेताओ ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को सरकार एक करोड़ का मुआवजा दे। एसआईटी की जांच पर असंतोष जताते हुए कहा कि सीबीआई जांच कराई जाए। पूरे प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की सेवा समाप्त की जाए।

बाइक रैली निकालकर सफाई बंद करवाई

डीएस 4 के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हाथरस की बेटी के साथ रिपोर्ट लिखने से लेकर इलाज तक मे लापरवाही हुई है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार शुरू से इस मामले में सजग होती तो शायद आंदोलन करने की नौबत न आती। उधर, सुबह सफाई ठप होने पर एडीएम सिटी अजय कुमार तिवारी और अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिलयायन ने सिविल लाइंस और जेल चुंगी में सफाई शुरू कराई। लेकिन वाल्मीकि समाज के युवाओं ने बाइक रैली निकालकर सफाई बंद करवा दी।

धरने का पूर्व विधायक का समर्थन

सफाई कर्मचारी नेताओं ने भी सुबह परतापुर, शास्त्रीनगर में सफाई बंद कराई। हालांकि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और कूड़ाघरों से कचरा उठाने का काम मशीनों से कराया गया। नगर निगम कर्मचारी संघ के समर्थन के बाद नगर निगम में कामकाज बंद हो गया है। देहली गेट थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। सफाई कर्मचारी नेताओं से बात की। वहीं हस्तिनापुर में विरोध में नगर पंचायत हस्तिनापुर के कर्मचारियों ने नगर की सफाई व्यवस्था का बहिष्कार कर धरना दिया। पूर्व विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि ने भी धरने के बीच पहुंचकर समर्थन किया।

सहारनपुर में अभियुक्तों को फांसी दिए जाने की मांग

सहारनपुर : हाथरस सामूहिक दुष्कर्म के बाद लोगों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार को नगर निगम सफाई कर्मियों ने भी हड़ताल कर दी। सफाई सभी सफाई कर्मी नगर निगम में एकत्र हुए और अभियुक्तों को फांसी दिए जाने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद घण्टाघर पर भी समाज के लोगों ने जाम लगा दिया। हाथरस में हुई घटना के बाद तमाम संगठन पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जिसमें नगर निगम सहारनपुर से जुड़े सफाई कर्मी संगठन ने भी आंदोलन को तेज कर दिया।

एसपी सिटी ने कराया शांत

गुरुवार को संगठन के पदाधिकारी सोनी आजाद के नेतृत्व में नगर निगम कर्मचारी नगर निगम गैराज पर एकत्र हुए और सफाई व्यवस्था की हड़ताल कर दी। इसके बाद सभी सफाई कर्मचारी नगर निगम परिसर में प्रदर्शन करने लगे। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की साथ ही सामूहिक दुष्कर्म के अभियुक्तों को फांसी दिए जाने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उधर, महानगर में सफाई न होने से सफाई व्यवस्‍था भी ठप हो गई। घण्टाघर पंहुचे एसपी सिटी ने समझा कर सभी को शांत कराया।

मुजफ्फरनगर में भी आक्रोश 

मुजफ्फरनगर में भी हाथरस की घटना के विरोध में भीम आर्मी एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन दिया। हत्यारों को फांसी की मांग की। इसके साथ ही कश्यप एकता क्रांति मिशन के कार्यकर्ताओं ने महावीर चौक से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोनों  स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ के चलते शारीरिक दूरी की जमकर धज्जियां उड़ी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.