विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेना के 'ऑपरेशन दृष्टि' अभियान में 1.70 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग और 3900 की सर्जरी, मेरठ में 60 को मिली 'रोशनी'

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 25 Nov 2026 01:05 PM (IST)

मेरठ में सेना की चिकित्सा सेवाओं ने 'ऑपरेशन दृष्टि' के तहत तीन दिन में 413 मरीजों की आंखों का सफल ऑपरेशन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसमें 60 दृष्टिहीन मरीजों को भी रोशनी मिली।

मेरठ के मिलिट्री हॉस्पिटल में नेत्र शिविर के समापन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. सोमेंद्र तोमर। जागरण

मेरठ के मिलिट्री हॉस्पिटल में नेत्र शिविर के समापन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. सोमेंद्र तोमर। जागरण

HighLights

  1. शिविर में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, विट्रियो-रेटिनल और टेरिजियम की 413 सर्जरी।

  2. सेना पूर्व सैनिकों और आश्रितों के साथ जरूरतमंद नागरिकों को भी चिकित्सा उपलब्ध करा रही।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सेना की चिकित्सा सेवाओं ने आपरेशन दृष्टि के तहत मेरठ में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सैन्य अस्पताल मेरठ में आयोजित मेगा सर्जिकल आई कैंप में तीन दिन के भीतर 413 मरीजों की आंखों का सफल ऑपरेशन किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब तक का यह सबसे बड़ा नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर रहा।

शिविर से पहले बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में 12 हजार से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 197 जरूरतमंदों का निःशुल्क आपरेशन किया गया। खास बात यह रही कि करीब 60 ऐसे मरीजों की आंखों की सर्जरी की गई, जो पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे।

मंगलवार को सैन्य अस्पताल मेरठ में आपरेशन दृष्टि के 13वें शिविर का समापन समारोह रैम आ में आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि रहे, जबकि सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाएं (डीजीएएफएमएस) के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा ने अध्यक्षता की।

इस दौरान मेजर जनरल सुमित राणा, मेजर जनरल वीके पात्रा, मेजर जनरल शरद विक्रम सिंह, ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा, ब्रिगेडियर सीपी सिंह और ब्रिगेडियर एसके सिंह समेत वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दृष्टिहीन मरीजों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

ब्रिगेडियर डा. संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि 22 से 24 नवंबर तक चले शिविर में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, विट्रियो-रेटिनल और टेरिजियम की 413 सर्जरी की गईं। इसके लिए पिछले दो माह से विभिन्न जिलों में स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया था। उन्होंने बताया कि करीब 60 मरीज ऐसे थे, जो पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे और परिवार पर निर्भर थे। इनकी सफल सर्जरी के बाद उनके चेहरों पर लौटी खुशी टीम के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।

उन्होंने एक युवा मरीज का उदाहरण देते हुए बताया कि कोविड काल में ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले इस युवक की एक आंख दुर्घटना में खराब हो गई थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह इलाज नहीं करा पा रहा था। शिविर में उसका सफल आपरेशन किया गया। अगले दिन उसकी खुशी देखकर डीजीएएफएमएस ने भी चिकित्सा टीम के प्रयासों की सराहना की।

ब्रिगेडियर मिश्रा ने आर्मी हास्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) की सर्जिकल टीम की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सकों ने सुबह पांच से साढ़े पांच बजे आपरेशन शुरू कर रात दस बजे तक काम किया। प्रतिदिन 125 से 150 आपरेशन करना टीम के समर्पण और परिश्रम का प्रमाण है।

देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा आपरेशन दृष्टि

एयर मार्शल संदीप थरेजा ने कहा कि आपरेशन दृष्टि का उद्देश्य केवल आंखों की सर्जरी करना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और बेहतर जीवन देना है। अभियान का ध्येय 'तमसो मा ज्योतिर्गमय' यानी अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाना है। सेना उन क्षेत्रों में आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचा रही है, जहां इनकी उपलब्धता सीमित है।

उन्होंने बताया कि अब तक अभियान के तहत 1.70 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग और करीब 3900 से अधिक सर्जरी की जा चुकी हैं। मेरठ इस अभियान का 13वां पड़ाव है। उधमपुर, लेह, तंगधार, श्रीनगर, लक्षद्वीप, बागडोगरा, नामकुम और रायरंगपुर समेत देश के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सेना पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के साथ जरूरतमंद नागरिकों को भी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही है। इसमें स्थानीय सैन्य अस्पतालों के विशेषज्ञों और चिकित्सा कर्मियों की भागीदारी से कम समय में अधिक मरीजों का उपचार संभव हो रहा है।

सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों की सेवा जरूरी

मुख्य अतिथि डा. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। मेरठ वीरों और क्रांति की भूमि है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का किसान खेतों में और सैनिक सीमा पर देश की सेवा करता है। सैनिक जब सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात रहता है, तब पूरा देश सुरक्षित रहता है। इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद भी उसे सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों की आंखों की रोशनी लौटाई गई है, उन्हें नया जीवन मिला है। भगवान के बाद चिकित्सकों को ही सबसे अधिक सम्मान दिया जाता है और इस शिविर की सफलता ने इसे साबित किया है।

चिकित्सा अधिकारियों को किया सम्मानित

समारोह में शिविर की सफलता में योगदान देने वाले चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। इनमें ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल रजत चौधरी, लेफ्टिनेंट कर्नल रवि चौहान, लेफ्टिनेंट कर्नल आशुतोष कुमार गुप्ता, लेफ्टिनेंट कर्नल नवीन, लेफ्टिनेंट कर्नल अनुराधा, लेफ्टिनेंट कर्नल सृष्टि, मेजर राहुल, मेजर अभय सोलंकी, मेजर इंदु गोपाल, मेजर दिव्या, कैप्टन दुष्यंत, कैप्टन पृथ्वी, कैप्टन शुभम और कैप्टन निवेदिता जयप्रकाश शामिल रहे।

मेजर जनरल सुमित राणा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर की सफलता में मेडिकल टीम, स्क्रीनिंग स्टाफ, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल कर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि मेरठ में स्थापित यह रिकार्ड आने वाले शिविरों के लिए नया मानक बनेगा। समारोह में सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और मीडिया प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।