आपरेशन दृष्टि: आंखों की जांच व सर्जरी मुफ्त, मेरठ समेत 9 जिलों के पूर्व सैनिकों व आश्रितों का विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे इलाज
भारतीय सेना मेरठ छावनी में 21-25 नवंबर तक 'ऑपरेशन दृष्टि' नेत्र शिविर आयोजित कर रही है। इसमें मेरठ सहित पश्चिमी ...और पढ़ें

HighLights
मेरठ में 21 से 25 नवंबर तक मिलिट्री हास्पिटल में लगेगा एडवांस्ड मेगा सर्जिकल आई कैंप।
शिविर में दिल्ली के आर्मी हाॅस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम अपनी सेवाएं देगी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। देश की सीमाओं की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की सेहत की जिम्मेदारी निभाते हुए भारतीय सेना एक बार फिर उनके लिए विशेष स्वास्थ्य सेवा लेकर आई है।
पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेरठ छावनी स्थित मिलिट्री हास्पिटल में 21 से 25 नवंबर तक 13वें एडवांस्ड मेगा सर्जिकल आई कैंप 'आपरेशन दृष्टि' का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष अभियान के तहत 300 से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की मोतियाबिंद की निःशुल्क सर्जरी की जाएगी। इसके साथ ही आंखों की जांच, विशेषज्ञ परामर्श और ग्लूकोमा व रेटिना संबंधी बीमारियों की जांच की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध रहेगी।
मिलिट्री हास्पिटल की ओर से आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय शिविर में दिल्ली के आर्मी हाॅस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम अपनी सेवाएं देगी। अभियान का नेतृत्व ब्रिगेडियर एसके मिश्रा करेंगे। सेना के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से मरीजों की जांच और आवश्यकतानुसार सर्जरी करेगी।
नौ जिलों के पूर्व सैनिकों को मिलेगा लाभ
इस शिविर में केवल मेरठ ही नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों में रहने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को भी लाभ मिलेगा। इसके लिए मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को शिविर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
सेना की ओर से इन जिलों में रहने वाले पात्र लाभार्थियों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने की अपील की गई है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
सेवा के बाद भी सैनिकों के साथ खड़ी है सेना
आपरेशन दृष्टि केवल एक चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि उन सैनिकों के प्रति सेना की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सेना की ओर से ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं।
विशेष रूप से बुजुर्ग पूर्व सैनिकों के लिए मोतियाबिंद जैसी समस्या का समय पर उपचार उनकी दिनचर्या और आत्मनिर्भरता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
12 शिविरों में 1.7 लाख से अधिक मरीजों की जांच
आपरेशन दृष्टि अभियान के पिछले आयोजनों में भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। अब तक देशभर में आयोजित 12 शिविरों के माध्यम से 1.70 लाख से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की जा चुकी है, जबकि 3,850 से अधिक सफल सर्जरी की गई हैं।
अब मेरठ में इसके 13वें संस्करण के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों तक यह सुविधा पहुंचाई जाएगी। सेना का यह अभियान 'तमसो मा ज्योतिर्गमय' अर्थात अंधकार से प्रकाश की ओर के संदेश को साकार करने का प्रयास है। पांच दिनों तक चलने वाला यह शिविर पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए बेहतर नेत्र स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।