बुलंदशहर में गोवंश का कटा सिर मिलने पर हंगामा, एक गिरफ्तार, मुजफ्फरनगर में महिला समेत चार गिरफ्तार
बलंदशहर और मुजफ्फरनगर में गौ तस्करी का मामला सामने आया है। जहां बुलंदशहर में एक तो मुजफ्फरनगर में तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। जलालपुर गांव के जंगल में गोवंश का कटा सिर मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने पांच पर मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुजफ्फरनगर में भी गोवंश के कटान में महिला समेत चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि तीन मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों को रविवार सुबह सूचना मिली कि एक गोवंश का कटा हुआ सिर खेत में पड़ा है। इसके बाद ग्रामीण वहां एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि जलालपुर गांव के ही मुशर्रफ, दिशान, मोसी वसीउल्ला, मुदसीर व एक अन्य को खेतों में रात के समय देखा गया था। इन सभी के हाथों में धारदार हथियार भी थे। दारोगा बृजेश यादव ने बताया कि ग्रामीण कपिल चौहान की तहरीर पर उक्त पांचों पर गोवध अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित मोसी को गिरफ्तार कर लिया है।
नहीं रुक रहा गौ कटान
जिले में गौ तस्करी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। गोवंश का कटान नहीं रुक रहा है। पुलिस की कार्रवाई भी ढ़ीली पड़ी हुई है। इस लॉकडाउन के दौरान कई घटनाएं सामने आई है। पिछले कई दिनों से गौ तस्करों के हौसले बुलंद हो गए है। प्रशासन भी गोवंश की कटान की घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। हालाकि कुछ के खिलाफ कार्रवाई की गई है पर घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
मुजफ्फरनगर में चार गिरफ्तार
जनपद में चार को गोवंश की तस्करी में गिरफ्तार किया गया है। इसमें से पुलिस को चखंमा देकर तीन आरोपित फरार हो गए जबकि एक महिला को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस फरार आरोपितों के तलाश में जुटी हुई है।