Coronavirus: मेरठ में खतरनाक ढंग से बढ़ रही कोरोना पीडि़तों की संख्या, दो सौ के करीब पहुंची Meerut News
Coronavirus मेरठ में कोरोना मरीजों का आंकड़ा प्रदेश में सर्वाधिक तेजी से बढ़ रहा है। पिछले चार दिनों में 80 से ज्यादा मामले सामने आने पर प्रशासन में हड़कंप मचा है।
मेरठ, जेएनएन। जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा प्रदेश में सर्वाधिक तेजी से बढ़ रहा है। पिछले चार दिनों में 80 से ज्यादा मामले सामने आने पर प्रशासन में हड़कंप मचा है। गुरुवार को दस नए मरीजों के साथ जिले का आंकड़ा 196 तक पहुंच गया। सभी मरीज संक्रमितों के संपर्क में आकर बीमार हुए। देर रात तक मेडिकल कालेज में सैंपल की जांच जारी है।
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि आठ में से चार मरीज जैदी फार्म के हैं। एक-एक मरीज रजबन, शाहपीर गेट, साबुन गोदाम, रवींद्रपुरी, दौराला व पूर्वा अब्दुल वाली के हैं। रवींद्रपुरी में पाजिटिव आयी महिला के आढ़ती पति की बुधवार को मौत हो चुकी है। दो दिन पहले शास्त्रीनगर में एक स्टोर मालिक के पॉजिटिव मिलने के बाद कड़ी खंगाली गई। पता चला कि इस दुकान पर जाकिर कालोनी के लोग काम करते थे। विभाग की टीम ने रात में मरीजों से संपर्क साधकर उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया। मरीजों के लिए मेडिकल कालेज, मुलायम सिंह यादव मेडिकल कालेज, सुभारती, खरखौदा व पांचली में इलाज उपलब्ध कराया गया है। अन्य चार केंद्रों को एसिम्टोमेटिक मरीजों के इलाज के लिए आरक्षित किया गया है।
सीएमओ ने माना कि सब्जी मंडी से लेकर भूमिया का पुल, ब्रहमपुरी, जलीकोठी, लक्खीपुरा, जाकिर कालोनी समेत दर्जनों मोहल्लों मे वायरस फैल रहा है। विभाग ज्यादा से ज्यादा मरीजों की जांच कर उनके स्वजनों को क्वारंटाइन करने में जुटा है। इलाज के लिए जिले में डेढ़ हजार बेड उपलब्ध हैं। मेडिकल कालेज के माइक्रोबायोलोजिस्ट डा. अमित गर्ग ने बताया कि फिलहाल वायरस पर गरम वातावरण का कोई प्रभाव नजर नहीं आ रहा है। लगातार मरीजों की संख्या बढ़ना खतरनाक है। लैब में रोजाना साढ़े चार सौ सैंपल की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कोरोना नियंत्रण की नई रणनीति बनाया है।
चार मरीज आक्सीजन पर, लाइट भी रही थी गुल
मेडिकल कि कोविड वार्ड में भर्ती 60 मरीजों में से पांच के शरीर में आक्सीजन की कमी मिली। एक युवक को देर रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। युवक का वजन ज्यादा है। इसे निमोनिया होने के साथ ही आंत में स्नाव पाया गया है। अन्य चार को हाई अलर्ट पर रखा गया। उनके ब्लडप्रेशर और नब्ज पर नजर रखी जा रही है।
उधर, कोविड वार्ड में बुधवार रात कई बार बिजली गुल होने से मेडिकल प्रशासन सकते में आ गया। बैकअप से वार्ड का संचालन जारी रखा गया। प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को मेडिकल कालेज के कोरोना वार्ड में डयूटी करने वालों व स्टाफ की जांच की। इसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव मिली।
खैरनगर के चौकीदार में लक्षण मिला
कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने से शहर की आबोहवा बिगड़ती जा रही है। खैरनगर में चौकीदारी करने वाले एक व्यक्ति में कोरोना के लक्षण मिलने पर एंबुलेंस बुलाकर उसे मेडिकल कालेज भेजा गया है। शुक्रवार को उसकी जांच की जाएगी। एहितयात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मरीजों के संपर्क वालों को घर पर रहने को कहा है।