Fight Against Corona: अब हर जिले में खुलेगा मास्क बैंक, गरीबों और जरूरतमंद लोगों के बीच होगा वितरित
जरूरतमंदों के स्वास्थ्य की सुरक्षा का ख्याल अब मास्क बैंक करेंगे। मेरठ और सहारनपुर मंडल के हर कॉलेज मास्क बैंक में सहयोग करेंगे। नौ जिले में मास्क बैंक बनाए जाएंगे।
मेरठ, जेएनएन। Fight Against Corona कोरोना वायरस की महामारी जिस तरह से फैल रही है। इसके संक्रमण को रोकने के लिए चुनौती बनी हुई है। लोगों को अब इस वायरस के साथ चलने के लिए तैयार रहना पड़ रहा है। ऐसे में अब मास्क जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है। बहुत से जरूरतमंद अभी भी मास्क नहीं खरीद पा रहे हैं। जरूरतमंदों के स्वास्थ्य की सुरक्षा का ख्याल अब मास्क बैंक करेंगे। मेरठ और सहारनपुर मंडल के हर कॉलेज मास्क बैंक में सहयोग करेंगे। नौ जिले में मास्क बैंक बनाए जाएंगे।
राष्ट्रीय सेवा योजना की पहल
चौ. चरण सिंह विवि की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से यह पहल की गई है। इसमें सभी कॉलेजों को राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र- छात्राओं को मास्क बनाने के लिए कहा गया है। कॉलेज स्तर पर स्वयं सेवक मास्क बनाएंगे। उन्हें नियमित तौर पर जिला स्तर पर बनने वाले मास्क बैंक में एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद स्वयं सेवक सभी मास्क को आवश्यकता के अनुसार गांव, मलीन बस्ती अैर अन्य चयनित क्षेत्रों में लेकर जाकर बांटेंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना की हर इकाई को कम से कम 500 मास्क बनाने को कहा गया है। मास्क बनाकर कॉलेजों के एनएसएस के जिला नोडल अधिकारी को बताएंगे।
शहीद मंगल कॉलेज की छात्राओं ने की थी शुरुआत
लॉकडाउन में जब स्कूल कॉलेज बंद हो गए। उस समय क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी राजीव गुप्त और कुछ कॉलेज के प्राचार्यों की पहल पर छात्राओं ने मास्क बनाना शुरू किया था। शहीद मंगल पांडेय डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने सबसे पहले मास्क बनाना शुरू किया था। इसके बाद शहर के अन्य कॉलेजों में एनएसएस की छात्राओं ने मास्क तैयार कर जरूरतमंद लोगों में बांटे थे। मास्क बैंक बनने से सही तरीके से इसका वितरण हो सकेगा।