नोएडा के युवक ने मेरठ में दूसरे की जमीन को अपनी बताकर दोस्त से किया 2.10 करोड़ में सौदा, SSP के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
Meerut News: नोएडा के एक युवक ने परतापुर के ढिढाला गांव में दूसरे की जमीन अपनी बताकर दोस्त को 1.90 लाख रुपये में बेच दी। एसएसपी के आदेश पर तीन आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

HighLights
दस्तावेजों जांच की तो पता चला आरोपित नहीं है मालिक, तीन नामजद।
परतापुर के ढिढाला गांव में हुई 1.90 लाख की धोखाधड़ी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। परतापुर के ग्राम ढिढाला में नोएडा के एक युवक ने एक जमीन को अपनी बताकर दौराला निवासी अपने दोस्त को बेच दी। एग्रीमेंट होने पर 1.90 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया।
बाद में दस्तावेजों की जांच की गई तो पता चला, नोएडा का युवक जमीन का मालिक ही नहीं है। धोखाधड़ी करने वाले आरोपित के खिलाफ थाना सिविल लाइंस पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें तीन को नामजद किया गया है।
दौराला के ग्राम सकौती निवासी मुकुल सिरोही ने बताया कि ग्राम का ही दीपक पंवार उसका दोस्त है। वह अब नोएडा के अक्सोटिका ड्रिम विला ग्रेटर नोएडा में रहता है। दीपक पंवार ने उसे बताया कि उसकी परतापुर के ग्राम ढिढाला में जमीन है। वह उसे बेचना चाहता है।
दीपक ने मुकुल को कम रेट पर जमीन देने का झांसा दिया। उसने करीबी संबंधों के कारण विश्वास कर लिया और माह जून में उसने दीपक पंवार, कुसुम पाल सिंह व संजीव पराटे जमीन का सौदा कर लिया। उसने उसे अपने नाम की फरद व अन्य कागजात दिखाए। दीपक ने जमीन का सौदा 2.10 करोड़ रुपये में किया। मुकुल से 1.90 लाख रुपये एडवांस लेकर तीनों ने उसे 29 जून 26 को जमीन का इकरारनामा कर दिया।
45 दिन बाद बैनामा करने की बात तय हुई। निश्चित समय पर उसने बैनामा करने को कहा तो दीपक व अन्य लोग टाल मटोल करने लगे। मुकुल ने दस्तावेजों की जांच कराई तो पता चला जिस जमीन का उसे सौदा किया गया है वह निगम सिंह निवासी ग्राम ढिढाला के नाम दर्ज है। आरोपितों ने धोखाधड़ी व फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन उसे बेची है।
मुकुल ने आरोपितों से रुपया वापस मांगा तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। आरोपित दीपक पंवार, कुसुम पाल सिंह पंवार व सजीव पराटे के खिलाफ एसएसपी के आदेश पर थाना सिविल लाइंस पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।