निवाड़ा बवाल प्रकरण : पूर्व प्रधान के चार बेटों समेत दस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
बागपत में चुनावी रंजिश में प्रधान के जेठ की हत्या की गई थी। निवाड़ा गांव में चुनावी रंजिश में गत 16 मई को ग्राम प्रधान जुलेखां बेगम और पूर्व प्रधान मंगते पक्ष के बीच विवाद हुआ था।
बागपत, जेएनएन। चुनावी रंजिश में निवाड़ा गांव में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने दस आरोपितों पर और शिकंजा कस दिया है। पूर्व प्रधान के चार बेटों समेत दस आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई।निवाड़ा गांव में चुनावी रंजिश में गत 16 मई को ग्राम प्रधान जुलेखां बेगम और पूर्व प्रधान मंगते पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इसी के चलते प्रधान जुलेखां बेगम पक्ष पर विपक्षियों ने धारदार हथियार से प्रहार व फायरिंग की थी। हमले में प्रधान जुलेखां बेगम के जेठ निसार की मौत, जेठानी अफसरी और चचिया ससुर अंगूर गंभीर रूप से घायल हुए थे। मृतक के भाई हारुण राणा ने 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की विवेचना में अन्य छह लोगों के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस ने 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया तथा चार आरोपितों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। फिलहाल दो आरोपित फरार चल रहे है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी है। इस मामले में पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दस आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर दी है। इनमें पूर्व प्रधान र्स्वीय मंगते के बेटे जुल्फिकार उर्फ भट्टू, इसरार, इबने, इस्लामु के अलावा फारुख पुत्र कादम, छोटे पुत्र जाने, इस्तेकार पुत्र साबुद्दीन, महताब पुत्र कय्यूम, तोहिद पुत्र असलूप शामिल हैं। इसकी पुष्टि इंस्पेक्टर (क्राइम) भूदेव सिंह ने की है।