कृषि कानून से किसानों की आय होगी दोगुनी : चाहर
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि अब कृषि कानून बनने पर किसान दलालों से बचकर अपनी फसल अच्छे दामों में बेच सकेंगे।
मेरठ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि अब कृषि कानून बनने पर किसान दलालों से बचकर अपनी फसल अच्छे दामों में बेच सकेंगे। किसानों की आय दोगुनी होगी। विरोधी दल खुद ही अपने भ्रम जाल में फंस जाएंगे।
राजकुमार चाहर ने पल्लवपुरम फेज-2 स्थित श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील भराला के आवास पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में किसानों का गन्ना भुगतान कई-कई साल रुक जाता था। भाजपा सरकार में समय पर भुगतान हुआ है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर पार्टी का कोई कार्यकर्ता किसानों की जमीन पर कब्जा करने में लिप्त है, तो प्रदेश इकाई की उस पर नजर है। कहा कि खनन माफिया व भू-माफिया पर योगी सरकार का हंटर चल रहा है। ये प्रदेश छोड़कर भागने लगे हैं। प्रेसवार्ता के बाद रायल कालेज में उनका अभिनंदन किया गया। पार्टी के क्षेत्रीय नेताओं के अलावा भारतीय किसान यूनियन के नेता नवाब सिंह अहलावत व रवि चौधरी ने उनको भारत माता का प्रतीक चिह्न भेंट किया। इस दौरान अजय भराला, रामकुमार सहरावत, राजा वर्मा, मनिदरपाल, कुंवर बासित अली आदि मौजूद रहे।