मेरठ में फर्जी किताब प्रकरण : फोरेंसिक और आइआइटी लैब में होगी किताबों की जांच, जब्त कंप्यूटर भी खोलेंगे राज
एनसीईआरटी वाटर मार्क की किताबों की जांच आइआइटी-रुड़की की सहारनपुर शाखा में होगी। साथ ही एक नमूना फोरेंसिक लैब निवाड़ी को भी भेजा जाएगा। 364 प्रकार के नमूने लिए गए हैं।
मेरठ, जेएनएन। NCERT वाटर मार्क की किताबों की जांच आइआइटी-रुड़की की सहारनपुर शाखा में होगी। साथ ही एक नमूना फोरेंसिक लैब निवाड़ी को भी भेजा जाएगा। इसके लिए 364 प्रकार के नमूने लिए गए हैं। ताकि अलग-अलग लैब में जांच कराई जा सके। उधर, लैब में भेजने के लिए कंप्यूटर का सीपीयू सील कर दिया गया है। पुलिस को कंप्यूटर से भी अनेक जानकारी मिलेगी।
पुलिस साक्ष्य संकलन में जुटी
पुलिस ने विवचेना शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस साक्ष्य संकलन में जुटी है। ताकि आरोपितों को सजा मिल सके। परतापुर पुलिस ने सोमवार को गजरौला स्थित प्रिंटिंग प्रेस और गोदाम से करीब 40 करोड़ का माल सील होने की जानकारी दी है। गोदाम और प्रिंटिंग प्रेस सील कर गजरौला पुलिस को जानकारी दी गई है। ताकि पुलिस गश्त करती रहे।
नाम उजागर होने पर चला सिफारिशों का दौर
संजीव गुप्ता व सचिन गुप्ता के अलावा इस धंधे में कई अन्य बड़े नाम भी सामने आ रहे हैं। पुलिस इन नामों को फिलहाल गुप्ता रखे है, लेकिन धंधे से जुड़े लोगों ने सिफारिश शुरू कर दी है। शीर्ष अफसरों के पास लखनऊ से कॉल आने लगी है। ऑपरेशन को आइजी एसटीएफ लीड कर रहे हैं, उन्हें भी पूरी कार्रवाई से अवगत कराया जा रहा है।
सोशल साइट्स पर वायरल हुई चाचा भतीजे की फोटो
निलंबित भाजपा नेता संजीव गुप्ता की भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ फोटो वायरल हो रही है। फोटो पर लोग कमेंट भी कर रहे हैं। साथ ही सचिन गुप्ता की विदेशी टूर की फोटो वायरल हो रही है। इन तस्वीरों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिन्हें विवेचना का हिस्सा बनाया जा सकता है। फोटो वायरल होने के बाद सचिन गुप्ता ने अपना फेसबुक एकाउंट डिलीट कर दिया है।