विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ठीक से प्रशिक्षण नहीं देने वाले स्कूलों से वापस ली जाएगी NCC, नए संस्थानों को मिलेगा मौका

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 16 Nov 2026 03:23 PM (IST)

एनसीसी अब खराब प्रशिक्षण देने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई करेगा, जिसमें संबद्धता समाप्त करना भी शामिल है। एडीजी एनसीसी ...और पढ़ें

मेरठ में कैडेटों से संवाद करते एडीजी एनसीसी उत्तर प्रदेश मेजर जनरल गौरव गौतम। जागरण

मेरठ में कैडेटों से संवाद करते एडीजी एनसीसी उत्तर प्रदेश मेजर जनरल गौरव गौतम। जागरण

HighLights

  1. एडीजी एनसीसी उत्तर प्रदेश मेजर जनरल गौरव गौतम ने मेरठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय में कैडेटों से किया संवाद।

  2. एडीजी ने कहा- एनसीसी का वास्तविक उद्देश्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास व देश के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना।

जागरण संवाददाता, मेरठ। एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) में अब केवल नामांकन कराकर संस्थान अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकेंगे। जिन स्कूलों और कालेजों में कैडेटों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण नहीं दिया जा रहा है, उन्हें पहले चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ तो संबंधित संस्थान को निलंबित सूची में डालकर एनसीसी की संबद्धता समाप्त की जा सकती है।

ऐसे संस्थानों की जगह नए स्कूलों और कालेजों को एनसीसी से जुड़ने का अवसर दिया जाएगा। सोमवार को मेरठ पहुंचे एडीजी एनसीसी उत्तर प्रदेश मेजर जनरल गौरव गौतम ने यह बात कही। उन्होंने मेरठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के 300 से अधिक एनसीसी कैडेटों, एनसीसी अधिकारियों, एसोसिएट एनसीसी आफिसर्स (एएनओ) और अन्य अधिकारियों के साथ संवाद किया।

मेजर जनरल गौतम ने कहा कि एनसीसी में संस्थानों के प्रदर्शन की निगरानी के लिए स्पष्ट प्रक्रिया बनाई गई है। पहले खराब प्रदर्शन करने वाले संस्थान को चेतावनी दी जाती है। इसके बाद भी प्रशिक्षण और गतिविधियों में सुधार नहीं होने पर उसे सस्पेंडेड एनिमेशन में रखा जाता है। लगातार लापरवाही पर संस्थान को एनसीसी से बाहर भी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल के करीब 10 महीने में मेरठ के कम से कम 25 स्कूलों को सस्पेंडेड एनिमेशन में डाला जा चुका है।

उन्होंने कहा कि चेतावनी मिलने के बाद कुछ संस्थान रुचि दिखाकर अपनी व्यवस्था सुधार रहे हैं, जबकि जो संस्थान गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, उनके बाहर होने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

एनसीसी के नाम पर कैडेटों से वसूली नहीं होगी

एडीजी ने संस्थानों की ओर से कैडेटों से एनसीसी के नाम पर पैसे वसूलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई स्कूल और कालेज एनसीसी की इकाई इसलिए लेना चाहते हैं, क्योंकि इससे संस्थान की मान्यता और एक्रिडिटेशन में फायदा मिलता है और सरकारी अनुदान प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ती हैं। लेकिन इसके बदले कैडेटों को प्रशिक्षण देने और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने में लापरवाही की जाती है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि नए संस्थानों को एनसीसी की इकाई देने से पहले कानूनी दस्तावेज पर यह लिखवाया जाएगा कि वे कैडेटों से एनसीसी प्रशिक्षण के नाम पर कोई शुल्क नहीं लेंगे। यदि संस्थान को यह शर्त मंजूर नहीं है तो उसे एनसीसी की इकाई लेने की आवश्यकता नहीं है।

मेजर जनरल गौतम ने कहा कि कैंप और मेडिकल जांच के नाम पर भी बच्चों से 20, 25 या 50 रुपये वसूलना उचित नहीं है। मेडिकल जांच के लिए कैडेटों को सरकारी अस्पताल ले जाकर निश्शुल्क जांच कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर है, उनके बच्चों के लिए छोटी रकम भी बड़ी परेशानी बन सकती है। एनसीसी का उद्देश्य बच्चों को अवसर देना है, उन पर आर्थिक बोझ डालना नहीं।

उन्होंने मेरठ में पिछले दौरे के दौरान एक कैडेट की ओर से एएनओ पर पैसे लेने की शिकायत का भी उल्लेख किया। बताया कि इस मामले में फीडबैक और कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि कैडेटों के साथ किसी भी प्रकार की आर्थिक अनियमितता या पक्षपात नहीं होना चाहिए।

यूपी में 3.40 लाख कैडेट होने चाहिए, अभी संख्या दो लाख

एनसीसी में सीटों और रिक्तियों की कमी का मुद्दा भी संवाद में उठा। मेजर जनरल गौतम ने बताया कि देश की आबादी में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 17 प्रतिशत है। इस अनुपात से प्रदेश में लगभग 3.40 लाख एनसीसी कैडेट होने चाहिए, जबकि वर्तमान में यह संख्या करीब दो लाख है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 1.50 लाख युवाओं की वेटिंग लिस्ट है।

उन्होंने बताया कि एनसीसी में रिक्तियां बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री को भी जानकारी दी गई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि एनसीसी का विस्तार केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। स्कूलों और कॉलेजों में सेना के अधिकारियों और प्रशिक्षकों की निगरानी में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण होना जरूरी है। यदि सेना का सुपरविजन नहीं होगा तो एनसीसी का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन वर्षों में रिक्तियों की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।

एआइ और तकनीक का इस्तेमाल करने वाले युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

कैडेटों से संवाद के दौरान एडीजी ने स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए युवाओं को केवल सरकारी नौकरी के पीछे नहीं भागना चाहिए। उन्हें अपनी क्षमताओं के अनुसार कौशल विकसित कर स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ना होगा।


कहा कि एआइ और नई तकनीक का सही इस्तेमाल करने वाले युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे। एनसीसी की ओर से भी कौशल विकास के लिए विभिन्न संस्थानों के साथ एमओयू किए जा रहे हैं। इन संस्थानों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए केवल सरकारी स्वीकृति प्राप्त संगठनों को ही जोड़ा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले छह महीने में यह व्यवस्था और व्यवस्थित हो जाएगी।

तनाव और अकेलेपन से जूझ रही युवा पीढ़ी, कैडेट ने पूछा सवाल

संवाद के दौरान कैडेट अखिल तोमर ने सवाल किया कि आज की युवा पीढ़ी तनाव, एंग्जायटी, अवसाद और अकेलेपन जैसी समस्याओं से जूझ रही है। इस पर मेजर जनरल गौतम ने कहा कि आज की पीढ़ी पहले की पीढ़ियों की तुलना में अधिक जागरूक और जानकारी रखने वाली है। वह समाज में बदलाव चाहती है और रोजगार, समानता और बेहतर व्यवस्था की अपेक्षा करती है।

उन्होंने कहा कि कई बार अभिभावक, शिक्षक और वरिष्ठ अधिकारी युवाओं की बात समझने के बजाय उन्हें चुप करा देते हैं। इससे उनके भीतर तनाव और अकेलेपन की भावना बढ़ सकती है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे अपनी वास्तविक क्षमता और रुचि को पहचानें। हर व्यक्ति में कोई न कोई विशेष योग्यता होती है, जिसे विकसित करने में समय लगता है। केवल दूसरों को देखकर करियर का चुनाव करने के बजाय अपनी रुचि और कौशल पर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एआइ को केवल सवाल-जवाब तक सीमित न रखें। इसके टूल्स का इस्तेमाल करके नए प्रोजेक्ट तैयार करें, तकनीक सीखें और अपनी क्षमता बढ़ाएं।

भ्रामक सूचनाओं से बचने के लिए तीन-चार स्रोतों से करें पुष्टि

एक कैडेट ने इंटरनेट मीडिया और इंटरनेट पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं को लेकर सवाल किया। उसने पूछा कि एनसीसी कैडेट और विद्यार्थी कैसे पहचानें कि कौन-सी जानकारी सही है और कौन-सी गलत। इस पर मेजर जनरल गौतम ने कहा कि आज सही जानकारी प्राप्त करना पहले की तुलना में आसान है, लेकिन एआइ से मिलने वाला हर जवाब सही हो, यह जरूरी नहीं है।

उन्होंने सलाह दी कि किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले कम से कम तीन-चार अलग-अलग स्रोतों से उसकी पुष्टि करें। विशेष रूप से सरकारी और अधिकृत वेबसाइटों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि तकनीक को समझदारी और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करना जरूरी है।

मंच पर बोलने का डर अभ्यास से होगा दूर

एक छात्रा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के बावजूद मंच पर बोलते समय घबराहट होने की समस्या बताई। इस पर एडीजी ने कहा कि नर्वस होना शरीर की स्वाभाविक प्रतिक्रिया है। इसे पूरी तरह खत्म करने का कोई शार्टकट नहीं है। नियमित अभ्यास से ही आत्मविश्वास बढ़ता है।

उन्होंने एनसीसी अधिकारियों और एएनओ से कहा कि कैडेटों को नियमित रूप से पब्लिक स्पीकिंग का अभ्यास कराया जाए। उन्हें प्रतिदिन किसी भी विषय पर दो मिनट बोलने का अवसर दिया जाए, ताकि मंच पर बोलने का डर धीरे-धीरे खत्म हो सके।

महिला कैडेटों को आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर

महिला कैडेटों की सुरक्षा और आत्मरक्षा के सवाल पर मेजर जनरल गौतम ने कहा कि केवल जागरूकता पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें मुश्किल परिस्थितियों में तत्काल प्रतिक्रिया देने का अभ्यास भी कराया जाना चाहिए। उन्होंने महिला एएनओ और जीसीआइ से कहा कि महिला कैडेटों के साथ नियमित रूप से आत्मरक्षा का अभ्यास कराएं। किसी के अनुचित व्यवहार या छूने की स्थिति में विरोध करना, जोर से आवाज उठाना और खुद को सुरक्षित करना उन्हें सिखाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिक्रिया अभ्यास के जरिए उनकी आदत और आत्मविश्वास का हिस्सा बननी चाहिए।

एनसीसी को केवल सर्टिफिकेट नहीं, व्यक्तित्व विकास का माध्यम बनाएं

एक कैडेट ने एनसीसी को माइनर विषय के रूप में मान्यता देने और आंतरिक अंकों के साथ बाहरी मूल्यांकन की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। इस पर एडीजी ने कहा कि एनसीसी को केवल प्रमाणपत्र या नौकरी में मिलने वाले अतिरिक्त अंकों के लिए नहीं अपनाना चाहिए। इसका वास्तविक उद्देश्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देश के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि एनसीसी की ट्रेनिंग में ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने का अभ्यास कैडेटों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।

पढ़ाई, एनसीसी और शौक के बीच प्राथमिकता तय करें

एक कैडेट ने पढ़ाई, एनसीसी और अन्य गतिविधियों के बीच समय प्रबंधन को लेकर सवाल किया। मेजर जनरल गौतम ने कहा कि विद्यार्थियों के पास समय की कमी से ज्यादा प्राथमिकताएं तय करने की चुनौती है। हर काम एक साथ करने की कोशिश तनाव बढ़ाती है। इसलिए जरूरी है कि विद्यार्थी अपनी प्राथमिकताएं तय करें और पढ़ाई के लिए नियमित समय निकालें।

उन्होंने प्रतिदिन कम से कम दो घंटे गुणवत्तापूर्ण अध्ययन करने की सलाह दी। इसमें एक घंटा अपने पाठ्यक्रम और एक घंटा सामान्य ज्ञान, तकनीक, एआइ और अन्य उपयोगी विषयों के लिए देने को कहा। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और अनुशासन से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

महिला सशक्तीकरण को बताया देश के विकास की कुंजी

मेजर जनरल गौतम ने महिला सशक्तीकरण को देश के आर्थिक विकास से जोड़ते हुए कहा कि महिलाओं की कार्यबल में समान भागीदारी जरूरी है। यदि परिवार में पुरुष के साथ महिला भी रोजगार से जुड़ेगी तो परिवार की आय और आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। उन्होंने महिला कैडेटों से अपनी शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

उन्होंने अपने संबोधन में आय और आर्थिक असमानता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में बहुत बड़ी आबादी सीमित घरेलू आय में जीवनयापन करती है। ऐसे में बच्चों से छोटी-छोटी रकम वसूलना भी उचित नहीं है। उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमता विकसित कर देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने तनाव, करियर, एआइ, भ्रामक सूचनाओं, आत्मविश्वास, महिला सुरक्षा, एनसीसी के शैक्षणिक मूल्यांकन और समय प्रबंधन जैसे विषयों पर खुलकर सवाल पूछे। एडीजी ने कैडेटों को सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि वे अपनी जिज्ञासाओं को दबाने के बजाय खुलकर सामने रखें। उन्होंने एनसीसी अधिकारियों से कैडेटों के साथ संवाद बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण व अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।