एनसीसी कैडेट्स ने पढ़ाया यातायात के नियमों का पाठ
मेरठ, जेएनएन। मवाना में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को आर्य कन्या इंटर कालेज के एनसीसी 22यूपी गर्ल्स बटालियन के तत्वावधान में जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से गर्ल्स कैडेट्स ने लोगों को दुर्घटना से बचाव के लिए सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।
कर्नल पंकज साहनी के निर्देशन एवं थर्ड अफसर विनय कुमारी के नेतृत्व में कैडेट्स ने नगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता संबंधी रैली निकाली। कालेज से आरंभ हुई रैली सुभाष बाजार, थाना तिराहा, तहसील रोड होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। प्रधानाचार्य सुनीता ने छात्राओं को कालेज में रैली से पूर्व संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षाकर्मी के नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा के संकेतों के बारे में बताया। रैली में गाइड की छात्राओं ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। रैली में डा. संगीता जैन, रितु रस्तोगी, कविता रस्तोगी, आशा भारती, अनिता कुमारी, रूबी सैनी, आशारानी ,मंजू रानी, पूजा सिंह, प्रिया सिंह आदि का सहयोग रहा।