मेरठ दुर्गा पूजा महोत्सव 2026: बंगाली परंपरा से बने नारियल व तिल के लड्डू, मां दुर्गा को आमंत्रण अधिवास; आज महासप्तमी पूजन
मेरठ में शारदीय नवरात्र के साथ छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 का महाषष्ठी पूजा के साथ शुभारंभ हुआ। बंगाली ...और पढ़ें

सदर दुर्गाबाड़ी मंदिर में महाषष्ठी पूजा पर शुक्रवार को समिति के पदाधिकारी : जागरण
HighLights
मेरठ में महाषष्ठी पूजा से दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 का शुभारंभ।
बंगाली परंपरा अनुसार तिल-नारियल के लड्डू तैयार, देवी बोधन हुआ।
आज महासप्तमी पूजन, शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शारदीय नवरात्र में महाषष्ठी पूजा के साथ शुक्रवार से बंगाली संस्कृति व धार्मिक अनुष्ठान के बीच छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। बंगाली समाज ने 'आगमनी उत्सव' में घट स्थापना कर पूजा-अर्चना की। बंगाली पंरपरा के अनुसार सुहागिन महिलाओं ने उपवास रखकर मां दुर्गा को भोग के लिए तिल व नारियल के लड्डू तैयार किए तो शाम को आगोमोनी के साथ देवी को आमंत्रण व देवी का अधिवास किया गया। शाम को मां दुर्गा का भव्य श्रृंगार किया गया। दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर पूरा बंगाली समाज उत्साहित है।
सुहागिन महिलाओं ने तैयार किए लड्डू
सदर दुर्गाबाड़ी मंदिर में बंगाली दुर्गाबाड़ी सोसायटी द्वारा 220वां श्री दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। अध्यक्ष अमिताभ मुखर्जी ने बताया कि शुक्रवार को शुभ्रा मुखर्जी, मोहिनी मुखर्जी, ईला मुखर्जी, पापिया सान्याल, मोयना विश्वास, दीप्ति चौधरी, अपूर्वा व अन्य ने नारियल व तिल के लड्डू तैयार किए। इसमें पवित्रता व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। वहीं, सुबह आठ बजे से महाषष्ठी का पूजन किया गया।
आज होगा महासप्तमी का पूजन, मां दुर्गा को लगाया जाएगा भोग
पूजा सचिव सुब्रोतो विश्वास ने बताया कि शनिवार को महासप्तमी पर सुबह नौ बजे मां दुर्गा को लड्डूओं का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद 11 बजे मूंगदाल खिचड़ी, आलू-गोभी सब्जी, खीर, चटनी का भोग लगेगा। शाम को सात बजे से प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभय मुखर्जी, प्रदीप मुखर्जी, डा. सुब्रोतो सेन, अजय मुखर्जी व अन्य मौजूद रहे।
मुकुंदी देवी धर्मशाला में आज महासप्तमी का पूजन
घंटाघर स्थित मुकुंदी देवी धर्मशाला में शुक्रवार को महाषष्ठी पूजा की गई। यहां 30वां महोत्सव मनाया जा रहा है। मां दुर्गा का दरबार सजाया गया। वरुण ने बताया कि षष्ठी पूजा में दुर्गा पूजन शुरू करने से पहले प्रथम पूज्य का आह्वान किया गया। आज महासप्तमी का पूजन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कन्या पूजन में बच्चियों को खाना खिलाते समय प्लास्टिक के बर्तनों का करते हैं इस्तेमाल? तो बदल लें यह आदत
देविर बोधन व आमंत्रण अधिवास के साथ आगमन
मेरठ सरबोजनीन दुर्गा ट्रस्ट द्वारा सदर शिव चौक के पास डीएवी ग्राउंड में 48वें महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पूजा सचिव नरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह महाषष्ठी पूजा, पुष्पंजलि, देविर बोधन, संध्या आरती व आमंत्रण अधिवास के साथ शुरूआत हुई। शनिवार (आज) सुबह सात बजे से महासप्तमी का पूजन होगा। मुख्य संरक्षक एसके दास, कल्लोल बसु, रिंकू चौधरी, शुभ्रो दत्ता, एसके भादुड़ी व अन्य मौजूद रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मां दुर्गा के मायके आगमन, बंगाल की लोक संस्कृति परंपराओं व शारदीय उत्सव की भावनाओं को प्रस्तुत किया गया।
