हाईवे के निर्माण कार्यों में तेजी, खिर्वा कट पर अंडरपास फ्लाईओवर का कार्य शुरू
NHAI द्वारा परतापुर तिराहे से मुजफ्फरगनर के रामपुर तिराहे तक विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य कई महीनों से जारी है। होली के बाद से निर्माण कार्यों में एकाएक तेजी देखने को मिली है।
मेरठ, जेएनएन। नेशनल हाईवे-58 पर चल रहे निर्माण कार्यों में होली के बाद से एकाएक तेजी देखने को मिली है। इसी कड़ी में कंकरखेड़ा हाईवे स्थित खिर्व कट पर अंडरपास फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। निर्माणधीन कंपनी ने दोनों तरफ के कट बंद कर लोहे का जाल बिछाकर फाउंडेशन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इंजीनियरों की देखरेख में दर्जनों कारीगर इस कार्य में जुटे हैं।
एनएचएआइ के द्वारा परतापुर तिराहे से मुजफ्फरगनर के रामपुर तिराहे तक विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य कई महीनों से जारी हैं। इन कार्यों में अंडरपास फ्लाईओवर, फ्लाईओवर, फुट ओवरब्रिज, सर्विस रोड, नाला के अलावा अन्य प्रकार के निर्माण शामिल हैं। इन्हीं में कंकरखेड़ा में हाईवे पर खिर्वा कट पर अंडरपास फ्लाईओवर बनना है, जिसके ऊपर और नीचे ट्रैफिक का आवागमन होगा। खिर्वा कट के बीच में सीमेंट रोड़ी से जमीन में करीब दस फिट गहरा चबुतरा बनाकर उस पर लोहे का जाल बिछाने का काम जोरों पर है। इसके अलावा दोनों साइड की सड़क को आधुनिक मशीनों से उखाड़ा जा रहा है, जिसमें मोटे पत्थर की बजाए तारकोल, बजरी बारीक होकर मशीन से ही पाइप के द्वारा बाहर निकल रही है। हाथों हाथ सड़क से निकलने वाली बजरी को मशीन से ही डंफरों में भरने का भी काम हो रहा है, जिसे दूसरी जगह इक्ट्ठा किया जा रहा है।
पल्हैड़ा फ्लाईओवर पर मिट्टी को किया जा रहा प्लेन
पल्लवपुरम के सामने निर्माणधीन पल्हैड़ा फ्लाईओवर पर के दोनों ओर खोदी गई मिट्टी को अब मशीनों से प्लेन करने का काम हो रहा है। पिलर फाउंडेशन पर गार्डर रखने का काम पहले ही हो चुका है, अब सभी गार्डर के बीच में लोहे के जाल के अंदर बीम भरने और लिंटर डालने का कार्य किया जा रहा है।
इनका कहना है
होली तक लेबर छुट्टी पर थी, मगर लेबर लगातार बढ़ रही है। खिर्वा कट पर अंडरपास फ्लाईओवर का काम तेजी से कराया जा रहा है। निर्माणधीन कंपनी से प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट मांगी जा रही है।
- डीके चतुर्वेदी, पीडी-एनएचएआइ